अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) छात्रसंघ चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रुद्रपुर स्थित चुनाव कार्यालय में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और जिले के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्रसंघ चुनाव के प्रचार-प्रसार, संगठनात्मक समन्वय और आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए एकजुटता, अनुशासन और सक्रियता के साथ चुनाव अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक छात्रों तक पहुंच बनाने और संगठन के प्रत्याशी के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला को चुनाव प्रभारी तथा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विपिन सिंह गहलोत को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया। इस दौरान छात्रहितों को प्राथमिकता देने और छात्रों के बीच संगठन की विचारधारा एवं प्रत्याशी की नीतियों को पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल चौहान, सुरेश कोहली, काशीपुर सह-प्रभारी भारत भूषण चुग, उपेंद्र चौधरी और राम प्रकाश गुप्ता समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं ABVP कार्यकर्ता अंकित सिंह, रोहित भट्ट और नवीन पांडे ‘गुरुजी’ भी बैठक में शामिल हुए। सभी ने छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक सिंह के समर्थन में व्यापक प्रचार अभियान चलाने और उन्हें विजयी बनाने के लिए पूरी सक्रियता से काम करने का संकल्प लिया।
बैठक के बाद भाजपा और ABVP कार्यकर्ताओं ने चुनाव अभियान को गति देने, अधिक से अधिक छात्रों से संपर्क स्थापित करने और संगठन के पक्ष में माहौल बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।


