- महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों के साथ पुनर्वास स्थल का किया निरीक्षण
- बोले- किसी भी व्यापारी की आजीविका प्रभावित नहीं होने देंगे
रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण के साथ प्रभावित व्यापारियों के सम्मानजनक पुनर्वास की दिशा में नगर निगम और जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को महापौर विकास शर्मा ने अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उप जिलाधिकारी मनीष कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ इंडेन गैस एजेंसी के निकट प्रस्तावित पुनर्वास स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। साथ ही गैस एजेंसी को स्थानांतरित करने के लिए खानपुर और फुलसुंगा क्षेत्र में वैकल्पिक भूमि का भी सर्वे किया गया।
महापौर ने कहा कि नगर निगम और जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता सड़क चौड़ीकरण के साथ प्रभावित व्यापारियों का सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के किसी भी व्यापारी को अपना कारोबार बंद नहीं करना पड़ेगा और न ही किसी को सड़क पर आने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इंडेन गैस एजेंसी के निकट करीब ढाई एकड़ भूमि पर आधुनिक बहुमंजिला व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भूमि नगर निगम को हस्तांतरित करने का अनुरोध किया गया है, जबकि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने भी प्रस्ताव पर सहमति जताई है। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यहां कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें नगर निगम की चौड़ीकरण की जद में आ रही 28 दुकानों के साथ अन्य प्रभावित व्यापारियों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएंगी।
महापौर ने कहा कि यह परियोजना केवल पुनर्वास तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नगर निगम के लिए आय का स्थायी स्रोत भी बनेगी। कॉम्प्लेक्स से प्राप्त होने वाले राजस्व का उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना का प्रस्ताव शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश भी दिए।
महापौर ने बताया कि कॉम्प्लेक्स निर्माण से पहले इंडेन गैस एजेंसी को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसी उद्देश्य से अधिकारियों ने खानपुर और फुलसुंगा क्षेत्र में संभावित भूमि का निरीक्षण किया। उपयुक्त स्थान का चयन होने के बाद गैस एजेंसी को स्थानांतरित कर कॉम्प्लेक्स निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि काशीपुर बाईपास शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए लंबे समय से इसके चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। परियोजना के लिए शासन से बजट स्वीकृत हो चुका है और अब कार्य प्रारंभ करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हालांकि सड़क चौड़ीकरण की जद में नगर निगम की 28 दुकानों सहित बड़ी संख्या में निजी प्रतिष्ठान आ रहे हैं।
महापौर ने बताया कि व्यापारियों की मांग पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता कर सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई में आंशिक संशोधन भी कराया था, जिससे कई प्रतिष्ठानों को राहत मिली। इसके बावजूद जो दुकानें परियोजना की जद में हैं, उनके लिए व्यवस्थित पुनर्वास की योजना तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रभावित दुकानदारों का वेडिंग जोन में पुनर्वास करा चुका है। इसी प्रकार रोडवेज परिसर के आसपास चौड़ीकरण की जद में आने वाले व्यापारियों के लिए भी वैकल्पिक दुकानों की व्यवस्था की जा रही है।
महापौर ने कहा कि प्रस्तावित बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा और इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित करने की योजना है। इससे प्रभावित व्यापारियों को स्थायी पुनर्वास मिलने के साथ नए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर को सुव्यवस्थित, आधुनिक और सुनियोजित शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। नगर निगम भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रें में भी बहुमंजिला व्यावसायिक परिसरों के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विकास कार्यों के साथ किसी भी व्यापारी के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।

