फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से घूम रहे थे दोनों आरोपी, पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में हुए घायल; हथियार और कारतूस बरामद
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी बाइक से भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र में नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों की गोली से पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए।
रुड़की के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में की है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपियों के संबंध में जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
कई थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने का दावा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी देर रात भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर वे पुलिस चेकिंग से बचने का प्रयास कर रहे थे।
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के मुताबिक, दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। शमीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी देहरादून और हरिद्वार में कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही देहरादून और हरिद्वार में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

