देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रपति को 1 नवंबर 2026 को देहरादून पहुंचना था, जबकि 2 नवंबर को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम निर्धारित था।
राष्ट्रपति सचिवालय ने शासन को भेजा पत्र
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को 29 अक्टूबर को पत्र भेजकर प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम स्थगित किए जाने की सूचना दी गई है। पत्र में दौरा स्थगित करने की जानकारी तो दी गई है, लेकिन इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
प्रशासनिक तैयारियां फिलहाल रुकीं
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर उत्तराखंड शासन और जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। देहरादून से लेकर केदारनाथ धाम तक सुरक्षा, आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा था। दौरा स्थगित होने के बाद फिलहाल इन तैयारियों पर विराम लग गया है।
नई तारीख का इंतजार
राष्ट्रपति के उत्तराखंड आगमन की नई तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अब सभी की नजरें राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी होने वाले नए कार्यक्रम पर टिकी हैं।
11 नवंबर को बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। ऐसे में राष्ट्रपति का प्रस्तावित केदारनाथ दौरा चारधाम यात्रा के समापन से पहले निर्धारित किया गया था।
