शहरभर में हुए कई कार्यक्रम, हजारों समर्थकों ने दी शुभकामनाएं- गदा, तलवार, मुकुट और शॉल भेंट कर किया सम्मानित, जनसेवा के संकल्प को दोहराया
रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा के विधायक शिव अरोड़ा का जन्मदिन पूरे शहर में उत्साह, उल्लास और जनसमर्थन के माहौल के बीच मनाया गया। सुबह से देर शाम तक शहर के विभिन्न क्षेत्रें में बधाई समारोह, स्वागत कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की। विभिन्न कार्यक्रमों में समर्थकों ने उन्हें गदा, तलवार, मुकुट और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा वर्ष 2027 में पुनः विधायक बनने की शुभकामनाएं भी दीं। विधायक के जन्मदिन का उत्सव एक दिन पहले ही शुरू हो गया था। जन्मदिन की पूर्व संध्या पर पांच मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। धार्मिक वातावरण के बीच विधायक की दीर्घायु और जनसेवा के लिए प्रार्थनाएं की गईं। जन्मदिन के दिन सुबह से ही विधायक आवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। नगर के विभिन्न क्षेत्रें से लोग पुष्पगुच्छ, मालाएं और स्मृति चिन्ह लेकर पहुंचे तथा विधायक को जन्मदिन की बधाई दी। समर्थकों और शुभचिंतकों का सिलसिला दिनभर जारी रहा, जिससे आवास पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। इसके बाद विधायक शिव अरोड़ा ने नगर के प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश तथा रुद्रपुर विधानसभा की खुशहाली, विकास एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने गोल मार्केट स्थित गुरुद्वारे में भी मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। जन्मदिन समारोह का मुख्य आकर्षण भूतबंगला स्थित रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनआशीर्वाद समारोह रहा। यहां सैकड़ों समर्थकों और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। विधायक के मंच पर पहुंचते ही समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया और पूरे आयोजन स्थल पर जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ विकास एवं जनसेवा के नारे गूंजते रहे। विभिन्न संस्थाओं और संगठनों की ओर से विधायक शिव अरोड़ा को पारंपरिक सम्मान स्वरूप गदा और तलवार भेंट की गई। कई सामाजिक संगठनों ने उन्हें मुकुट पहनाकर सम्मानित किया, जबकि अन्य संस्थाओं ने शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। समर्थकों ने इसे जनविश्वास और जनसमर्थन का प्रतीक बताते हुए विधायक के नेतृत्व में क्षेत्र के निरंतर विकास की अपेक्षा व्यक्त की। जनआशीर्वाद समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए किसी भी सम्मान या पुरस्कार से बढ़कर है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर मिले अपार प्रेम और जनसमर्थन ने उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रत्येक नागरिक की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास को बनाए रखना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और प्रत्येक वर्ग के हितों की रक्षा के लिए उनका प्रयास भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेगा। जनआशीर्वाद समारोह में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, व्यापार मंडल, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। दिनभर चले विभिन्न आयोजनों में हजारों लोगों की सहभागिता ने जन्मदिन समारोह को शहर के प्रमुख आयोजनों में शामिल कर दिया।
पार्टी के कई प्रमुख चेहरे रहे नदारद
विधायक शिव अरोड़ा के जन्मदिन पर शहरभर में आयोजित कार्यक्रमों में जहां बड़ी संख्या में समर्थकों और विभिन्न संगठनों की भागीदारी रही, वहीं भाजपा के कुछ प्रमुख चेहरे कार्यक्रमों से दूर नजर आए। कई वरिष्ठ नेताओं एवं संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण पदाधिकारियों की अनुपस्थिति राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि पार्टी या संबंधित नेताओं की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई, लेकिन दिनभर राजनीतिक हलकों में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

