►श्री पुरानी तहसील भवन में बनेगी वातानुकूलित हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी
उत्तराखण्ड सत्य,रुद्रपुर।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और विद्यार्थियों के लिए रुद्रपुर जल्द ही आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी की नई पहचान बनने जा रहा है। नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल पर पुरानी तहसील भवन में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। गुरुवार को महापौर विकास शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने की दिशा में आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भवन की संरचना, उपलब्ध स्थान और आवश्यक संसाधनों का आकलन किया गया। अधिकारियों ने भवन को आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी के अनुरूप विकसित करने के लिए आवश्यक बदलावों तथा सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा की। अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से सरकारी भवन उपलब्ध कराने के लिए अनुरोध किया गया था, जिस पर सहमति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित लाइब्रेरी केवल पुस्तकालय नहीं होगी, बल्कि इसे प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और कौशल विकास का आधुनिक अध्ययन केंद्र बनाया जाएगा। डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समृद्ध बुक बैंक, हाई-स्पीड इंटरनेट, कंप्यूटर लैब, ई-लर्निंग संसाधन, वातानुकूलित अध्ययन कक्ष और डिजिटल स्टडी सामग्री उपलब्ध होगी। साथ ही समय-समय पर करियर काउंसलिंग, विशेषज्ञ व्याख्यान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और स्किल डेवलपमेंट गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी, ताकि युवाओं को बड़े शहरों जैसी सुविधाएं अपने ही शहर में मिल सकें। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से जनपद में लाइब्रेरी नेटवर्क तैयार कर रहा है। रुद्रपुर की डिजिटल लाइब्रेरी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी। उन्होंने बताया कि परियोजना को शीघ्र अंतिम रूप देकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। यह परियोजना साकार होने के बाद रुद्रपुर के हजारों विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को आधुनिक अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा। साथ ही शहर को शिक्षा और करियर निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

