चुनाव के बाद से समारोह का इंतजार, संगठन में तालमेल की कमी बनी चर्चा का विषय
रुद्रपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की नगर इकाई का शपथ ग्रहण समारोह चुनाव संपन्न होने के करीब ढाई वर्ष बाद भी आयोजित नहीं हो सका है। लंबे समय से लंबित शपथ समारोह को लेकर व्यापारी वर्ग और संगठन से जुड़े लोगों के बीच चर्चाओं का दौर जारी है। इसे संगठन के भीतर आपसी तालमेल की कमी का परिणाम माना जा रहा है। नगर इकाई के चुनाव करीब ढाई वर्ष पहले संपन्न हुए थे, जिसमें संजय जुनेजा अध्यक्ष, मनोज छाबड़ा महामंत्री और संदीप राव कोषाध्यक्ष चुने गए थे। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नई टीम ने संगठनात्मक गतिविधियां तो संचालित कीं, लेकिन अब तक औपचारिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित नहीं हो पाया है। आमतौर पर चुनाव के कुछ समय बाद ही शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर नई कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सौंपी जाती है, लेकिन रुद्रपुर इकाई में ऐसा नहीं हो सका। व्यापारिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चा है कि नगर इकाई के पदाधिकारियों के बीच कई मुद्दों पर अपेक्षित समन्वय नहीं बन पाया। विभिन्न कार्यक्रमों और निर्णयों के दौरान भी संगठन के पदाधिकारी कई बार अलग-अलग रुख अपनाते दिखाई दिए, जिससे संगठन की सक्रियता और एकजुटता पर भी सवाल उठते रहे। इसी कारण शपथ समारोह लगातार टलता रहा। प्रांतीय नेतृत्व ने संगठन के विस्तार के उद्देश्य से रुद्रपुर शहर में दो नगर इकाइयों के गठन की घोषणा भी की थी। हालांकि घोषणा के काफी समय बाद भी दूसरी इकाई का गठन नहीं हो पाया है। इससे संगठन के विस्तार की योजना भी अधर में लटकी हुई है। व्यापारी वर्ग का मानना है कि नगर इकाई के शपथ ग्रहण समारोह और दूसरी इकाई के गठन में हो रही देरी से संगठन की सक्रियता प्रभावित हो रही है।

