विधायक ने प्रशासनिक अमले के साथ किया मुआयना, 13-94 करोड़ रुपये की डीपीआर स्वीकृत
उत्तराखण्ड सत्य,रूद्रपुर
शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण की बहुप्रतीक्षित योजना अब धरातल पर तेजी से आकार लेने लगी है। क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा ने विकास की इस कड़ी को मजबूती देने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों की पूरी टीम के साथ मौके का सघन मुआयना किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और कार्य की प्रगति में आ रही तकनीकी बाधाओं को तत्काल प्रभाव से दूर करना था। विधायक के साथ एडीएम, नगर आयुक्त और एसडीएम जैसे उच्चाधिकारियों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि शासन अब इस प्रोजेक्ट की समयबद्धता को लेकर बेहद गंभीर है। निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कार्ययोजना की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि विकास का पहिया शुक्रवार से ही पूरी गति के साथ घूमना शुरू हो जाएगा। विद्युत विभाग द्वारा खंभे लगाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा, जिसमें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मौके पर मौजूद रहकर सटीक मार्किंग में सहयोग प्रदान करेगा। योजना के अगले चरण में, आगामी सोमवार से मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आ रहे पेड़ों के कटान की प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। जैसे ही पेड़ों का कटान पूर्ण होगा, जल संस्थान अपनी पाइपलाइनों की शिफ्रिटंग का काम हाथ में लेगा। विभागों के इस आपसी तालमेल को प्रोजेक्ट की सफलता के लिए सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। आर्थिक मोर्चे पर भी इस परियोजना के लिए बड़ी सफलता मिली है। विधायक ने जानकारी दी कि गैरसैंण सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पीडब्ल्यूडी की 13-94 करोड़ रुपये की डीपीआर के संबंध में दूसरी किस्त जारी करने का विशेष अनुरोध किया गया था। इस प्रस्ताव को पीडब्ल्यूडी की उच्च स्तरीय कमेटी (डीएसपी) ने बीते सोमवार को अपनी स्वीकृति दे दी है। अगले कुछ ही दिनों में दूसरी किस्त की धनराशि जारी होने की उम्मीद है, जिससे निर्माण कार्य में वित्तीय रुकावट नहीं आएगी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्वयं प्रशासन की टीम के साथ डिवाइडर से दोनों ओर 60-60 फीट की दूरी पर लगाए गए निशानों की जांच की और स्थानीय व्यापारियों से भावुक अपील की कि वे जनहित को देखते हुए अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लें ताकि विकास कार्यों में विलंब न हो। प्रशासनिक दृष्टिकोण रखते हुए एडीएम पंकज उपाध्याय ने स्वीकार किया कि अब तक विभागीय सामंजस्य की कमी के कारण कार्य की गति कुछ धीमी रही थी, लेकिन अब रणनीति को पूरी तरह बदल दिया गया है। उन्होंने निर्देशित किया है कि अब प्रत्येक मंगलवार को संबंधित विभागीय अधिकारी अनिवार्य रूप से स्थलीय भ्रमण करेंगे और हर 15 दिन में कार्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा की जाएगी। विधायक शिव अरोरा ने विश्वास जताया कि 2026 के अंत तक यह चौड़ीकरण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे हजारों स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को रोजाना लगने वाले भीषण जाम से स्थाई निजात मिल सकेगी। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, एसडीएम गौरव पाण्डेय, तहसीलदार दिनेश, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता गजेंद्र कुमार, विद्युत विभाग के ईई उमाकांत चतुर्वेदी, जल संस्थान से ईई चेतन चौहान सहित व्यापार मंडल के प्रतिनिधि संदीप राव, मनोज मदान, राजीव कामरा और कई अन्य स्थानीय नेता व अधिकारी मौजूद रहे।

