– वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में टीम इंडिया का उत्साह चरम पर
– दो भारतीय बॉक्सरों की जीत से बढ़ा मनोबल
नई दिल्ली। दुबई में चल रही इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन मैन्स वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में भारतीय मुक्केबाज़ों ने शानदार लय के साथ अपनी चुनौती पेश की है। प्रारंभिक दौर के मुकाबले शुक्रवार को खेले गए, जिसमें भारतीय दल ने सधे कदमों के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि खिलाड़ी इस समय उत्कृष्ट फॉर्म में हैं और विश्व मंच पर अपना दमखम साबित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

शुक्रवार शाम पाँच बजे से हुए मुकाबलों में 48 किलोग्राम वर्ग में देवेंद्र सोलंकी, 67 किलोग्राम में पर्वेन कुमार, 80 किलोग्राम में पर्वेश कुमार, 86 किलोग्राम वर्ग में हरपाल सिंह और 92 किलोग्राम में बिक्रमजीत सिंह रिंग में उतरे। शुरुआत से ही भारतीय मुक्केबाज़ों का आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था और उनके खेल ने दर्शकों तथा विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा। देशभर में इन मुकाबलों को लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और प्रशंसक भारतीय टीम के प्रदर्शन पर निगाहें जमाए हुए हैं।
इससे पहले गुरुवार को इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र के नेतृत्व में दो भारतीय खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण जीत दर्ज की थी। इन सफलताओं ने टीम के मनोबल को नई ऊंचाई दी है। डॉ. मिश्र ने जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा हमारे बॉक्सर लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ खेल रहे हैं। शुरुआती जीतों ने टीम में सकारात्मक ऊर्जा भरी है। हमें पूरा विश्वास है कि भारतीय मुक्केबाज़ इस विश्व चैंपियनशिप में अपनी श्रेष्ठता साबित करेंगे और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे। खेल प्रेमी उम्मीद कर रहे हैं कि भारतीय मुक्केबाज़ अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में नई कहानी लिखेंगे और तिरंगा एक बार फिर विश्व मंच पर ऊंचा लहराएंगे।

