सतना। स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में पंडित गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास, सतना द्वारा दो दिवसीय भव्य एक पात्रीय नाट्य मंचन का आयोजन आगामी 10 और 11 जनवरी को टाउन हॉल, सिमरिया चौराहा, सतना में किया जाएगा। यह विशेष प्रस्तुतियाँ दोनों दिन दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक होंगी।
न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने बताया कि यह मंचन अपने आप में अनूठा और पहली बार प्रस्तुत होने वाला आध्यात्मिक अनुभव होगा, जो दर्शकों को आदि शंकराचार्य के जीवन, उनके अद्वैत दर्शन, तप, त्याग और अद्भुत चिंतन की गहराइयों से परिचित कराएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तुति में संवाद इतने प्रभावशाली होंगे कि दर्शकों की आत्मा को झकझोर देंगे, वहीं संस्कृत श्लोक मन और मस्तिष्क में दिव्यता और प्रकाश का संचार करेंगे। कलाकार का अभिनय दर्शकों को समय की सीमाओं से परे ले जाकर आदि गुरु के युग की अनुभूति कराएगा।
इस नाट्य मंचन का एकल प्रदर्शन पुणे के प्रसिद्ध कलाकार श्री दामोदर रामदासी द्वारा किया जाएगा। डॉ. मिश्र के अनुसार यह आदि शंकराचार्य एकल मंचन आत्मानुभूति का ऐसा अवसर होगा, जो दर्शकों को भारतीय ज्ञानदृपरंपरा और आध्यात्मिक चेतना के वास्तविक स्वरूप से जोड़ देगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, साहित्य और संस्कृति प्रेमियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायी प्रस्तुति में अवश्य सम्मिलित हों।

