उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 11 अक्टूबर तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक 10 अक्टूबर तक राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 9 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 8 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान पहाड़ी जिलों में 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम विभाग ने इस दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
11 अक्टूबर को मैदानी जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 9 और 10 अक्टूबर को भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 11 अक्टूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
रुद्रपुर में 32 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में तापमान देहरादून और हरिद्वार की तुलना में अधिक रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 30 से 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
वहीं देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 27°C और न्यूनतम 19°C, हरिद्वार में अधिकतम 28°C और न्यूनतम 21°C रहने का अनुमान है। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में अधिकतम तापमान करीब 27°C और न्यूनतम 20°C रह सकता है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।


