राजपुर थाना क्षेत्र के एक राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे कुछ युवक आपस में विवाद के बाद तलवार, ईंट और पत्थर लेकर हुड़दंग करते नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
पानी की छींटों से शुरू हुआ विवाद, मारपीट तक पहुंचा मामला
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को बारिश के दौरान सड़क किनारे पानी जमा था। इसी दौरान एक युवक की साइकिल से पानी की छींटें दूसरे युवक की कमीज पर गिर गईं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक हाथों में तलवार, ईंट और पत्थर लिए नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक एक-दूसरे को बाहर आने का इशारा करते दिखाई दे रहे हैं।
तलवार और पत्थर देखकर भागे छात्र-छात्राएं
विवाद के दौरान कॉलेज से बाहर निकले छात्र-छात्राओं में भी अफरा-तफरी मच गई। बारिश के चलते कुछ विद्यार्थी टिन शेड के नीचे खड़े होकर बारिश रुकने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान हथियार और पत्थर लेकर पहुंचे युवकों को देखकर वहां मौजूद छात्र-छात्राएं डरकर भागने लगे।
वीडियो में कुछ युवक टिन शेड के नीचे खड़े एक युवक को पकड़ने का प्रयास करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मौके पर धक्का-मुक्की और मारपीट का माहौल बन गया।
पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया
राजपुर पुलिस के मुताबिक वीडियो की जांच के बाद उसमें दिखाई दे रहे चार युवकों को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान आशीष कुमार निवासी मंदाकिनी विहार ब्रह्मावाला, आदित्य कुमार निवासी गुजराड़ा सहस्रधारा रोड, अनुज झा निवासी गुजराड़ा सहस्रधारा रोड और अजय कुमार निवासी ममगाई मोहल्ला रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
राजपुर थाना प्रभारी पीड़ी भट्ट के अनुसार, पूछताछ में युवकों ने बताया कि बारिश का पानी जमा होने के दौरान साइकिल से पानी की छींटें दूसरे युवक की कमीज पर गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई।
पुलिस के अनुसार, घटना में किसी छात्र के घायल होने की सूचना नहीं है और हिरासत में लिए गए सभी युवकों की उम्र 21 वर्ष से अधिक है।
USTV Rudrapur की अपील: स्कूल और कॉलेज जैसे संवेदनशील स्थानों के आसपास इस तरह का हुड़दंग बच्चों और युवाओं की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब देखना होगा कि मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
