सीएम तक पहुंची पिता की गुहार
सीएम के निर्देश पर घर पहुंची चिकित्सकों की टीम, प्रशासन कराएगा जांच और उपचार
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का लोहियाहेड में टिक्की खाने के लिए एक दुकान पर रुकना एक परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बन गया। दुकान संचालक रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने आठ वर्षीय बेटे देव की बीमारी और लंबे समय से चल रहे उपचार की जानकारी दी तो मुख्यमंत्री ने उसके इलाज की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और चिकित्सकों की टीम बच्चे की जांच के लिए उसके घर पहुंची।
रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया था कि देव बचपन से बीमार है और उसके हाथ-पैर सामान्य रूप से काम नहीं करते। परिवार उसका लंबे समय से उपचार करा रहा है और देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी इलाज कराया जा चुका है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी, सीडीओ दिवेश शासनी और एसडीएम तुषार सैनी चिकित्सकों की टीम के साथ लोहियाहेड स्थित रवि शर्मा के आवास पहुंचे। ऑर्थाे विशेषज्ञ डॉ. एचएस ऐरी और अन्य चिकित्सकों ने बच्चे का परीक्षण कर पुराने उपचार की जानकारी ली।
प्रारंभिक परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने सबसे पहले एमआरआई कराने की सलाह दी है। जिलाधिकारी ने तत्काल जांच कराने के निर्देश देते हुए बच्चे और उसके अभिभावकों को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन एवं सहायक उपलब्ध कराने को कहा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आगे का उपचार कराया जाएगा और इसमें कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

