स्पा और होटलों के बंद कमरों का बढ़ता मायाजाल
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर का जिला मुख्यालय और प्रमुख औद्योगिक केंद्र रुद्रपुर इन दिनों एक बेहद संवेदनशील और गंभीर सामाजिक चुनौती से जूझ रहा है। शहर के रिहायशी और व्यापारिक क्षेत्रें में स्पा सेंटरों और होटलों की आड़ में फल-फूल रहा देह व्यापार अब अपनी जड़ें गहरी करता जा रहा है। हाल ही में आवास विकास तिराहे के पास सन सिटी कॉम्प्लेक्स स्थित कोहिनूर स्पा सेंटर पर हुई एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की छापेमारी ने इस संगठित अपराध के डरावने चेहरे को एक बार फिर बेनकाब कर दिया है। निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में न केवल तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हुई, बल्कि चार महिलाओं को इस दलदल से सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें लंबे समय से डरा-धमकाकर इस अनैतिक धंधे में झोंका गया था।विडंबना यह है कि यह शहर में अपनी तरह का कोई पहला मामला नहीं है। बीते कुछ समय के घटनाक्रमों पर नजर डालें तो ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र से लेकर शहर के मुख्य बाजारों तक, जिस्मफरोशी के कई ठिकाने उजागर हो चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि शहर के कुछ होटल भी अब सुरक्षित पनाहगाह बन चुके हैं, जहां बाहरी क्षेत्रें से लोगों को बुलाकर गुपचुप तरीके से इस नेटवर्क को संचालित किया जा रहा है। पुलिस की पूछताछ में यह भी साफ हुआ है कि इस काले कारोबार को चलाने वाले लोग भोली-भाली महिलाओं को नौकरी या आर्थिक मदद का झांसा देकर शहर लाते हैं और फिर उन्हें मजबूर कर एक सुनियोजित सिंडिकेट का हिस्सा बना देते हैं। कोहिनूर स्पा सेंटर के भीतर बने छोटे-छोटे केबिन और वहां से बरामद हुए कस्टमर रजिस्टर इस बात की तस्दीक करते हैं कि यहाँ ग्राहकों की बाकायदा एंट्री होती थी और यह काम पूरी योजना के साथ चल रहा था।क्षेत्रधिकारी रुद्रपुर प्रशांत कुमार का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों के िखलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की कड़ी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन असली चुनौती इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की है। बार-बार होने वाली छापेमारी के बावजूद, एक सेंटर बंद होता है तो दूसरे नाम से शहर के किसी दूसरे कोने में फिर से काम शुरू हो जाता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और व्यापारियों के बीच भी चिंता बढ़ रही है कि क्या रुद्रपुर जैसे उभरते शहर की पहचान अब स्पा और होटलों की आड़ में चलने वाले इन अड्डों से होगी?
Trending
- नवाचार की नई उड़ानः एआई की ताकत से भविष्य गढ़ेगा उत्तराखंड
- ढाई साल बाद भी नहीं हो सका व्यापार मंडल की नगर इकाई का शपथ ग्रहण
- भव्य आयोजनों के बीच मना विधायक शिव का जन्मदिन
- मिशन 2027ः दलित वोटों पर भाजपा का बड़ा दांव
- नामित पार्षदों ने ली शपथ, रुद्रपुर को नंबर वन शहर बनाने का लिया संकल्प
- महापौर विकास शर्मा ने नामित पार्षदों का किया स्वागत
- रूद्रपुर मेडिकल कालेज को एनएमसी की हरी झण्डी का इंतजार!
- सीएसआर की बड़ी पहल, छह गांवों की बदलेगी तस्वीर

