रुद्रपुर। धनतेरस, दीपावली और भैय्यादूज पर्व को देखते हुए रुद्रपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था 6 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान भारी वाहनों के प्रवेश, पार्किंग, बाजार में वाहनों की आवाजाही और ई-रिक्शा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।
भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री
त्योहारी अवधि में शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को राधा स्वामी सत्संग फ्लाईओवर (किच्छा रोड), ऐमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर (काशीपुर रोड), रामपुर बॉर्डर और पार्ले चौक (नैनीताल रोड) से शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
नो-एंट्री के दौरान भारी वाहन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निर्धारित स्थानों से रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे।
मुख्य बाजार में ठेले और सामान पर भी रहेगी पाबंदी
मुख्य बाजार क्षेत्र में सफेद पट्टी के बाहर किसी भी प्रकार के ठेले, सामान या वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। बाजार के मुख्य मार्ग के बीच लगने वाले ठेलों के लिए अम्बेडकर पार्क को निर्धारित किया गया है।
यदि अम्बेडकर पार्क में ठेलों के लिए जगह कम पड़ती है, तो अग्रसेन चौक से बाटा चौक की ओर सड़क के मध्य ठेले लगाने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
अलग-अलग स्थानों पर होगी पार्किंग व्यवस्था
त्योहारी भीड़ को देखते हुए शहर में अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
– इन्द्रा चौक से आने वाले वाहन सिब्बल सिनेमा और सिंचाई विभाग की पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।
– किच्छा बाईपास से आने वाले वाहन मोदी मैदान और झील के पास स्थित पार्किंग में पार्क होंगे।
– गाबा चौक और भूरा रानी की ओर से आने वाले वाहन सिटी क्लब के पास और गल्ला मंडी में पार्क किए जाएंगे।
– मुख्य बाजार से आने वाले वाहनों और व्यापारियों के वाहनों के लिए गांधी पार्क में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नेशनल हाईवे पर किसी भी वाहन की पार्किंग नहीं होगी। इसके अलावा हाईवे पर सामान या ठेला लगाने पर भी रोक रहेगी।
बाजार में प्रवेश के लिए लगाए जाएंगे बैरियर
मुख्य बाजार में दुपहिया और चौपहिया वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। इनमें बाटा चौक, अग्रसेन चौक, गुड मंडी/विधवानी मार्केट, गल्ला मंडी (आरा मशीन के पास) और काशीपुर बाईपास रोड से मुख्य बाजार की ओर जाने वाले प्रमुख आंतरिक मार्ग शामिल हैं।
बाजार के अंदर ई-रिक्शा पर पूर्ण प्रतिबंध
यातायात प्लान के तहत 6 से 11 नवंबर तक बाजार के अंदर सभी ई-रिक्शा का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना, बाजार में यातायात सुचारु रखना और लोगों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है।
USTV Rudrapur की अपील: दीपावली और धनतेरस की खरीदारी के लिए बाजार आने वाले लोग निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।


