प्रिय पाठकों,
दस वर्ष पूर्व जब हमने रुद्रपुर की ऊर्जावान धरती से फ्उत्तराखण्ड सत्यय् साप्ताहिक समाचार पत्र की नींव रखी थी, तो हमारे मन में कोई व्यावसायिक लक्ष्य नहीं, बल्कि एक पवित्र संकल्प था। वह संकल्प था-जनता की उस आवाज को मंच देना जो अक्सर शोर में दब जाती है। हमारा उद्देश्य स्पष्ट था कि पत्रकारिता की शुचिता को बनाए रखते हुए निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ समाज का दर्पण बनना। आज जब हम अपनी यात्रा के 9 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर 10वें वर्ष में कदम रख रहे हैं, तो यह उपलब्धि केवल हमारी नहीं, बल्कि आप सभी पाठकों के अटूट विश्वास की जीत है। ‘उत्तराखण्ड सत्य’ मात्र एक समाचार पत्र नहीं, बल्कि जनसरोकारों और जनभावनाओं की पहचान बन चुका है। समय की मांग को देखते हुए हमने खुद को केवल प्रिंट तक सीमित नहीं रखा। तकनीक के साथ कदम मिलाते हुए हमने सोशल मीडिया, यूएसटीवी और धार्मिक चौनल निर्मल साधना के माध्यम से सूचनाओं के आदान-प्रदान को और अधिक प्रभावी बनाया है। आज हम जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी असली परीक्षा कोरोना काल जैसी वैश्विक महामारी के दौरान हुई। वह ऐसा दौर था जब कई बड़े संस्थान डगमगा गए और कई समाचार पत्र बंद हो गए। किंतु, ऐसी विषम परिस्थितियों में भी ‘उत्तराखण्ड सत्य’ अडिग खड़ा रहा। हमने अपनी जान की परवाह किए बिना चुनौतियों का सामना किया और आपकी समस्याओं, पीड़ा और उम्मीदों को अपनी कलम और कैमरे के माध्यम से बुलंद रखा। हमने पत्रकारिता को कभी लाभ-हानि का गणित नहीं माना, बल्कि इसे समाज सेवा का एक उत्तरदायित्व समझा है। हमने पत्रकारिता के उन मूल्यों को जीवित रखा है जहाँ सत्य सर्वाेपरि है। ‘उत्तराखण्ड सत्य’ के इतिहास में हमने कभी किसी पर विज्ञापन के लिए अनुचित दबाव नहीं बनाया और मैं विश्वास दिलाता हूँ कि भविष्य में भी हमारी यह नीति अपरिवर्तित रहेगी। इस खास मुकाम पर पहुँचने का पूरा श्रेय हमारे पाठकों, शुभचिंतकों, सहयोगियों और विज्ञापनदाताओं को जाता है। आपका स्नेह ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और आपका विश्वास ही हमारा संबल है। आशा है कि ‘उत्तराखण्ड सत्य’ की यह वैचारिक यात्रा आगे भी आपके आशीर्वाद और साथ से निरंतर जारी रहेगी।
अजय चड्डा
संपादक, उत्तराखण्ड सत्य
Trending
- भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में संगठन और विचारधारा पर मंथन
- एक दशक का संकल्प विश्वास और सत्य का सफर
- ऊर्जा संकट से मुकाबले की तैयारी में उत्तराखंड
- नए कीर्तिमान की ओर चारधाम यात्रा
- भाजपा नेता डॉ. राकेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात
- प्रधानमंत्री की मौजूदगी में भाजपा ने मनाया विजय उत्सव
- विकास शर्मा के बढ़ते राजनीतिक कद से सियासत में नई हलचल
- जिस्मफरोशी का नया गढ़ बन रहा रुद्रपुर?

