डा. राकेश मिश्रा ने नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष को दी बधाई
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन की ताजपोशी के अवसर पर भाजपा मुख्यालय में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिला। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और गणमान्यजनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पंडित गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डा. राकेश मिश्रा ने भी नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष को गुलदस्ता भेंट कर शुभेच्छाएं प्रेषित कीं।
डा. राकेश मिश्रा ने इस मौके पर नितिन नबीन के नेतृत्व को पार्टी के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि उनके कार्यकारी अध्यक्ष बनने से भाजपा को संगठनात्मक और वैचारिक दोनों स्तरों पर नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन का अनुभव संगठन और सरकार दोनों में रहा है, जो उन्हें एक संतुलित और दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता बनाता है। उनकी सरलता, सहज व्यवहार और अथक परिश्रम उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच विशेष लोकप्रियता दिलाता है।
डा. मिश्रा ने कहा कि नितिन नबीन का राजनीतिक सफर प्रेरणादायक है। वे पांच बार विधायक रह चुके हैं और उन्होंने अपने सतत परिश्रम, प्रतिबद्धता और जमीनी जुड़ाव के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। पार्टी ने एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर यह संदेश दिया है कि भाजपा में मेहनत और निष्ठा का सम्मान होता है। यह परंपरा भाजपा की कार्यसंस्कृति को अन्य दलों से अलग पहचान देती है।
सेवा न्यास अध्यक्ष ने राष्ट्रीय परिदृश्य पर बात रखते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का परिपक्व अनुभव और निर्णायक नेतृत्व है, तो दूसरी ओर युवा नेतृत्व की ऊर्जा और नवाचार है। इन दोनों के समन्वय से देश एक नए भारत की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक सशक्त होगा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिलेगी।
डा. राकेश मिश्रा ने राजनीतिक संभावनाओं पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि भाजपा का बढ़ता जनाधार और मजबूत संगठनात्मक ढांचा आने वाले समय में बड़े बदलाव का संकेत देता है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस नेतृत्व के तहत पश्चिम बंगाल में भी बदलाव की बयार चलेगी और तृणमूल कांग्रेस की सरकार सत्ता से बाहर होगी।

