नगर निगम ने चलाया अभियान,सड़कों से ठेलियां हटाईं, सामान जब्त
उत्तराखण्ड सत्य,रूद्रपुर
नगर निगम ने मुख्य बाजार के साथ.साथ अब ट्रांजिट कैम्प को भी जाम से मुक्त करने के लिए कवायद तेज कर दी है। महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर गुरुवार को नगर निगम की टीम ने ट्रांजिट कैम्प में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान निगम कर्मचारियों ने सड़कों पर खड़ी ठेलियां, नालियों के ऊपर रखे सामान और फुटपाथ पर फैलाए गए सामान को हटाते हुए कई व्यापारियों का सामान जब्त किया तथा नियमों की अवहेलना करने पर कई चालान भी काटे।पिछले लम्बे समय से ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में सड़कों पर अतिक्रमण और ठेलियों के जमावड़े के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमराई हुयी है। आए दिन लगने वाले जाम से स्थानीय लोग परेशान थे और लगातार नगर निगम से कार्रवाई की मांग कर रहे थे। दीपावली से पहले महापौर विकास शर्मा ने स्वयं ट्रांजिट कैम्प का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने महापौर को अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया था। इस पर महापौर ने सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया था।गुरुवार को इसी क्रम में सहायक नगर आयुक्त रणदीप के नेतृत्व में निगम की टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर.ट्राली समेत पूरे अमले के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जैसे ही निगम की कार्रवाई शुरू हुई, क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सड़कों पर खड़ी ठेलियां हटाई गईं और फुटपाथ पर दुकानें जमाने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। टीम ने नालियों और सार्वजनिक मार्गों पर कब्जा कर सामान बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए कई व्यापारियों का सामान जब्त किया।कार्रवाई के दौरान निगम की सख्ती देख कई व्यापारियों ने खुद ही फुटपाथ से अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। टीम ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में जेई शुभम, मनीष गहतेाड़ी, पंकज सिंह, जसवीर सिंह, नीरज जगदीश सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इधर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर मनमानी करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। महापौर ने बताया कि नगर निगम की ओर से ठेली और रेहड़ी व्यापारियों के लिए वेंडिंग जोन की व्यवस्था की जा रही है ताकि किसी की रोजी.रोटी प्रभावित न हो और शहर की सड़कें भी सुचारू रहें। शहर में तीन नए वेंडिंग जोन प्रस्तावित किए गए हैं। इन जोनों के बन जाने के बाद मुख्य बाजारों और ट्रांजिट कैम्प जैसी जगहों पर ठेलियां नजर नहीं आएंगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

