उत्तराखण्ड सत्य,गूलरभोज
सांसद अजय भट्ट ने बुधवार को गूलरभोज नगर पंचायत की ओर से निर्मित अटल बिहारी वाजपेयी चौक, सुभाष चंद्र बोस चौक, और राजा सुहेलदेव स्मृति द्वार का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य वित्त एवं अवस्थापना निधि से निर्मित 26 टाइल्स रोडों का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने सांसद भट्ट का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। लोकार्पण के बाद रामलीला मैदान में आयोजित भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के नंबर वन नेता हैं, जिन्होंने देश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है। उन्होंने जनता से स्वदेशी अपनाने की अपील की ताकि भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत हो सके। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ ने सांसद से 685 एकड़ भूमि पर काबिज लोगों को मालिकाना हक दिलाने तथा क्षेत्रीय युवाओं के लिए एक स्टेडियम की मांग रखी। जिस पर सांसद ने तहसीलदार लीना चंद्रा को स्टेडियम के लिए उचित स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। सभा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सांसद अजय भट्ट का गर्मजोशी से स्वागत किया कार्यक्रम का संचालन विजय शर्मा ने किया। सभा को भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, और पूर्वांचल समाज के प्रदेश अध्यक्ष लल्लन राजभर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सुखदेव सिंह नामधारी, ज्योति ग्रोवर, ब्लॉक प्रमुख गदरपुर दिलीप अधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष बंगाली कल्याण समिति मनोज गुंबर (मिंटू भैया), अध्यक्ष नगर पालिका गदरपुर मनजीत कौर, अध्यक्ष नगर पंचायत दिनेशपुर तिलक राज गंभीर, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोहन सिंह पानू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बाबू सिंह तोमर, उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य प्रीत ग्रोवर, और राजकुमार भारती उपस्थित रहे। वहीं विधायक अरविंद पांडे के आवास के समीप ही भारत रत्न पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेई चौक के अनावरण के लिए सांसद भट्ट सहित कई जन प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्य क्रम में विधायक अरविंद पांडे की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।

 
									 
					