एयरपोर्ट के विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी, 1,372 से बढ़कर 3,000 मीटर का होगा रनवे, टर्मिनल की क्षमता दस गुना से अधिक बढ़ेगी
321.48 हेक्टेयर में विकसित होगा एयरपोर्ट, दो के बजाय सात विमानों की पार्किंग की सुविधा मिलेगी
रुद्रपुर। तराई और कुमाऊं की हवाई कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने की लंबे समय से प्रतीक्षित पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना अब निर्णायक पड़ाव पर पहुंच गई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की करीब 375.33 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना को राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण से पर्यावरणीय मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का रास्ता साफ हो गया है और अब परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में अगला कदम बढ़ने की उम्मीद है। इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार है। वर्तमान में 1,372 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। यानी रनवे की लंबाई में 1,628 मीटर की वृद्धि होगी। इसके बाद पंतनगर एयरपोर्ट पर बड़े विमानों के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित हो सकेंगी। यह बदलाव केवल एयरपोर्ट के आकार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा असर पूरे कुमाऊं क्षेत्र की आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों पर पड़ने की उम्मीद है। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे कुमाऊं के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि एयरपोर्ट का विस्तार होने से पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बेहतर हवाई संपर्क से क्षेत्र में निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा। आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भी बेहतर हवाई सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 937 से बढ़कर होगा 9,437 वर्ग मीटर एयरपोर्ट विस्तार की योजना में केवल रनवे ही नहीं, बल्कि यात्रियों और विमानों से जुड़ी लगभग सभी प्रमुख सुविधाओं को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। वर्तमान में 937 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले टर्मिनल भवन को बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके लिए 8,500 वर्ग मीटर का नया निर्माण प्रस्तावित है। इससे यात्रियों के आवागमन, प्रतीक्षालय और अन्य सुविधाओं के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इसी तरह विमानों की पार्किंग के लिए मौजूदा दो पार्किंग स्थलों की क्षमता बढ़ाकर सात की जाएगी। टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक-एक से बढ़ाकर दो-दो होगी। विस्तार के बाद एयरपोर्ट की सालाना यात्री प्रबंधन क्षमता करीब 10.1 लाख यात्रियों तक पहुंच जाएगी। इससे भविष्य में बढ़ने वाली हवाई यात्रियों की संख्या को संभालना आसान होगा। परियोजना के तहत पंतनगर एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल करीब 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें वर्तमान एयरपोर्ट की 109.017 हेक्टेयर भूमि के अलावा 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल की जाएगी। खास बात यह है कि परियोजना के लिए समतल कृषि एवं खुली भूमि का उपयोग प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के अनुसार, विस्तार के लिए किसी भी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा। इससे परियोजना के सामाजिक प्रभाव को सीमित रखने का प्रयास किया गया है। पर्यावरणीय मंजूरी के साथ परियोजना में जल संरक्षण, हरित क्षेत्र और स्वच्छ ऊर्जा पर भी जोर दिया गया है। एयरपोर्ट पर 165 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इससे शोधित पानी का इस्तेमाल फ्लशिंग और बागवानी में किया जा सकेगा। इसके अलावा 72 किलोवाट क्षमता का नया सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा। इससे एयरपोर्ट की कुल सौर ऊर्जा क्षमता बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी। वर्तमान में एयरपोर्ट परिसर में 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र मौजूद है। इसके अतिरिक्त लगभग पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना है। निर्माण के दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ विमानन सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन भी अनिवार्य होगा।
कुमाऊं की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई उड़ान
पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार केवल हवाई सेवाओं की सुविधा बढ़ाने वाली परियोजना नहीं है, बल्कि इसे पूरे तराई और कुमाऊं की आर्थिक संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। रुद्रपुर, काशीपुर, किच्छा, सितारगंज और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में देश-विदेश की कंपनियों की मौजूदगी के बीच बेहतर हवाई कनेक्टिविटी उद्योग जगत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। वहीं नैनीताल, अल्मोड़ा, रानीखेत और अन्य पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पर्यावरणीय मंजूरी के बाद निर्माण की प्रक्रिया कितनी तेजी से आगे बढ़ती है और परियोजना को निर्धारित समयसीमा में किस तरह पूरा किया जाता है। यदि प्रस्तावित विस्तार समय पर धरातल पर उतरता है तो पंतनगर एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में कुमाऊं के लिए विकास, निवेश और रोजगार का नया प्रवेश द्वार बन सकता है।

