22 से 25 अक्टूबर के बीच केदारनाथ पहुंचने की चर्चा, टिहरी में लोकार्पण कार्यक्रम भी संभावित
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अक्टूबर माह में संभावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चर्चा है कि प्रधानमंत्री अपने संभावित दौरे के दौरान केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकते हैं। उनके 22 से 25 अक्टूबर के बीच उत्तराखंड आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, प्रधानमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री के संभावित केदारनाथ दौरे को देखते हुए धाम में सुरक्षा और व्यवस्थाओं से संबंधित तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ैच्ळ की टीम केदारनाथ पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़े स्थानों का निरीक्षण कर चुकी है। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग भी संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा में जुटे हैं। यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का केदारनाथ दौरा तय होता है तो करीब चार साल बाद उनका बाबा केदार के दरबार में पहुंचना होगा। केदारनाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आध्यात्मिक आस्था के साथ-साथ उनके ड्रीम प्रोजेक्ट से भी जुड़ा रहा है। धाम में लगातार पुनर्निर्माण और विकास कार्य किए जा रहे हैं। संभावित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री केदारपुरी में चल रहे विकास कार्यों का जायजा ले सकते हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यात्रा व्यवस्था और केदारनाथ धाम में किए जा रहे पुनर्निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा भी संभावित कार्यक्रम का हिस्सा हो सकती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð ने भी प्रधानमंत्री के संभावित उत्तराखंड दौरे को लेकर जानकारी दी है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री का उत्तराखंड दौरा संभावित है। इस दौरान केदारनाथ धाम में दर्शन के साथ टिहरी में एक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना भी बताई गई है। हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे का विस्तृत कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। इसलिए उनके उत्तराखंड प्रवास के दौरान कितने कार्यक्रम होंगे और किन-किन स्थानों पर वह जाएंगे, इसकी तस्वीर आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही साफ होगी। अक्टूबर का पहला सप्ताह भाजपा संगठन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के उत्तराखंड पहुंचने और प्रदेश भाजपा के साथ बैठकें करने का कार्यक्रम है। संगठनात्मक बैठकों के बीच प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों ने प्रदेश भाजपा और प्रशासनिक तंत्र की सक्रियता बढ़ा दी है। फिलहाल केदारनाथ में ैच्ळ के निरीक्षण के बाद सुरक्षा से जुड़े विभागों के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हैं। प्रधानमंत्री का दौरा कब और किस स्वरूप में होगा, इसका अंतिम निर्णय आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही सामने आएगा।

