रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस के घुड़सवार दस्ते में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले अश्व ‘फ्यूली’ का 17 सितंबर 2026 की रात्रि को 26 वर्ष की आयु में निधन हो गया। फ्यूली के निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
अश्व ‘फ्यूली’ को पंजाब से प्रशिक्षण दिलाकर पुलिस विभाग के घुड़सवार दस्ते में शामिल किया गया था। अपने सेवाकाल के दौरान फ्यूली ने पुलिस विभाग के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण शांति व्यवस्था एवं वीवीआईपी ड्यूटियों में अहम भूमिका निभाई।
फ्यूली ने लंबे समय तक पुलिस के घुड़सवार दस्ते का हिस्सा रहते हुए विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। विभागीय ड्यूटियों के दौरान उसके योगदान को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने याद किया।
अश्व ‘फ्यूली’ के निधन के बाद पुलिस लाइन रुद्रपुर में पुलिस अधिकारियों एवं सलामी गार्द द्वारा पूरे सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने फ्यूली को भावभीनी विदाई दी और उसके पुलिस विभाग में दिए गए योगदान को स्मरण किया।
ऊधम सिंह नगर पुलिस परिवार ने अश्व ‘फ्यूली’ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उसे सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी।


