रुद्रपुर। भारतीय किसान यूनियन का रुद्रपुर कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर चल रहा धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर किसान रातभर धरना स्थल पर डटे रहे और शनिवार सुबह बड़ी संख्या में किसान फिर से मौके पर जुटे।
धरने को उत्तराखंड के उप नेता प्रतिपक्ष एवं किच्छा विधायक भुवन कापड़ी और तिलक राज बेहड़ ने भी समर्थन दिया। दोनों नेताओं ने किसानों के साथ कलेक्ट्रेट मुख्य गेट के बाहर धरने में बैठकर उनकी मांगों के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
शुक्रवार को पुलिस और किसानों के बीच हुई थी झड़प
दरअसल, शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के किसान अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे थे। कलेक्ट्रेट के अंदर जाने को लेकर किसानों और पुलिस के बीच जमकर कहासुनी और झड़प हुई। इस दौरान किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी थी।
विरोध के दौरान किसानों ने रामपुर-नैनीताल हाईवे की एक साइड को बाधित कर दिया था। करीब ढाई घंटे तक पुलिस और किसान यूनियन के बीच टकराव की स्थिति बनी रही। बाद में प्रशासन से वार्ता के बाद किसानों ने जाम खोल दिया और कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया।
रातभर चला धरना, किसानों के लिए हुआ लंगर
शुक्रवार रात भी किसान धरना स्थल पर डटे रहे। किसानों के लिए मौके पर लंगर की व्यवस्था की गई। शनिवार सुबह से ही धरना स्थल पर किसानों की संख्या बढ़ने लगी।
किसान नेताओं ने भूमि बचाने के मुद्दे पर किसानों से एकजुट होने का आह्वान किया। वहीं, बड़ी संख्या में किसानों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी। कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।
फिलहाल किसानों का धरना दूसरे दिन भी जारी है और सभी की नजरें अब प्रशासन और किसान नेताओं के बीच होने वाली आगे की बातचीत पर टिकी हैं।

