हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में हथियारबंद बदमाशों ने देर रात एक ऑफिस में घुसकर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। मंडी चौकी क्षेत्र के गोरापड़ाव में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए बदमाशों की तलाश में कई टीमें सक्रिय कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक, करीब 10 से 12 हथियारबंद बदमाश ऑफिस में पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को बंदूक के बल पर डराकर लूटपाट की। बदमाश कथित तौर पर करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने की दो चेन और 12 मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिससे बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
बदमाशों की तलाश में पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर आसपास के क्षेत्रों के साथ ही जिले की सीमाओं और बॉर्डर क्षेत्रों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। आने-जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, जिस ऑफिस में वारदात हुई है, वहां किसी अन्य तरह की गतिविधि संचालित होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर ऑफिस से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि घटना बीती देर रात की है और बदमाशों ने बंदूक के बल पर लूट को अंजाम दिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अलग-अलग पुलिस टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।
फिलहाल बदमाशों की सही संख्या, उनके पास मौजूद हथियार, इस्तेमाल किए गए वाहन और लूट की पूरी रकम को लेकर पुलिस जांच जारी है। मंडी चौकी क्षेत्र में हुई इस बड़ी वारदात के बाद हल्द्वानी पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है।
USTV Rudrapur — खबर पर हमारी नजर, हर अपडेट सबसे पहले।
