उत्तराखंड में होगी हिमालयन कार रैली, देश-विदेश के रेसर दिखाएंगे दम
उत्तराखण्ड सत्य,देहरादून
पर्यटन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका उत्तराखंड अब एडवेंचर और मोटर स्पोर्ट्स के मानचित्र पर भी नई छाप छोड़ने की तैयारी कर रहा है। प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और हिमालयी क्षेत्रें को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से हिमालयन कार रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रोमांचक आयोजन में देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी उत्तराखंड पहुंचेंगे। प्रदेश सरकार का मानना है कि हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता, चुनौतीपूर्ण रास्ते और विविध भौगोलिक परिस्थितियां मोटर स्पोर्ट्स जैसे आयोजनों के लिए बेहद उपयुक्त हैं। ऐसे आयोजनों से जहां साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन कारोबार को भी नई ऊर्जा मिलेगी। गुरुवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में कैबिनेट निर्णयों की जानकारी देते हुए अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने बताया कि हिमालयन कार रैली को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है। रैली में 120 से अधिक एंट्री शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों के साथ देशभर के मोटर स्पोर्ट्स िखलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रस्तावित रैली में 25 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा 25 प्रतिभागी एशिया क्रास कंट्री श्रेणी, 20 प्रतिभागी क्लासिक कार रैली और 50 प्रतिभागी राष्ट्रीय कार रैली चौंपियनशिप से जुड़े होंगे। इससे उत्तराखंड को एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है। हिमालयन कार रैली के सफल आयोजन को देखते हुए सरकार ने अनुभवी संस्था का चयन करने का निर्णय लिया है। कैबिनेट ने आयोजन संस्था के चयन को एकल स्रोत चयन प्रक्रिया के माध्यम से किए जाने पर सहमति प्रदान कर दी है, ताकि आयोजन को बेहतर और पेशेवर तरीके से संपन्न कराया जा सके। पहाड़ों की खूबसूरत घाटियां, घुमावदार सड़कें और हिमालयी क्षेत्र पहले से ही पर्यटकों को आकर्षित करते रहे हैं। अब हिमालयन कार रैली जैसे आयोजन प्रदेश में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को और मजबूत करेंगे।

