नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में पाँच राज्यों के विधानसभा चुनावों में मिली प्रचंड और ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में एक भव्य ‘विजय उत्सव’ एवं धन्यवाद समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली क्षण का नेतृत्व स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया, जहाँ कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर दिखाई दिया।
समारोह में सत्ता और संगठन का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार के अनेक वरिष्ठ मंत्री, दिल्ली की मुख्यमंत्री, विभिन्न राज्यों के सांसद, पदाधिकारी और हजारों की संख्या में ऊर्जावान कार्यकर्ता इस जीत के साक्षी बने।
पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा मुख्यालय ‘भारत माता की जय’ और मोदी है तो मुमकिन है के नारों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और इस जीत को जनता के विश्वास की जीत बताया। संगठन की एकजुटता और रणनीतिक कौशल को दर्शाते हुए नेताओं ने इसे आगामी चुनावों के लिए एक निर्णायक मोड़ करार दिया। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद भी किया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर संगठन की अटूट शक्ति के रूप में वायरल हो रही हैं।

इस ऐतिहासिक उत्सव में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता, पंडित गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष एवं इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने भी शिरकत की। डॉ. मिश्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य शीर्ष नेतृत्व से व्यक्तिगत भेंट कर उन्हें इस विराट विजय की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत विकासवादी राजनीति और कुशल नेतृत्व के प्रति जनता के अटूट समर्पण का परिणाम है।
कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटी गई और ढोल-नगाड़ों की थाप पर विजय नृत्य हुआ। शीर्ष नेतृत्व ने इस अवसर पर स्पष्ट संदेश दिया कि यह जीत केवल एक चुनावी आंकड़ा नहीं है, बल्कि श्विकसित भारतश् के संकल्प की ओर बढ़ता हुआ एक सशक्त कदम है।

