11 ब्लैक स्पॉट का किया निरीक्षण,एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ संवेदनशील मार्गों का लिया जायजा, साइनेज, रिफ्लेक्टर और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
रुद्रपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए पुलिस ने ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ जनपद के प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों एवं संवेदनशील मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने एमेनिटी स्कूल चौराहा, मुमताज दरबार के पास, बगवाड़ा मंडी गेट, गाबा चौक, राधा स्वामी सत्संग गेट, आदित्य चौक, नगला बाईपास, गोल गेट नगला, संजय वन, लालपुर और तुलसी द्वार क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मार्गों की स्थिति, सड़क की बनावट, यातायात के दबाव और दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का बारीकी से आकलन किया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सड़क संकेतक (साइनेज), रिफ्लेक्टर और रंबल स्ट्रिप्स लगाने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चिह्नित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों का गहन निरीक्षण कर सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी चेकिंग अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को भी कहा।
थाना प्रभारियों से मांगी जाएगी निरीक्षण रिपोर्ट
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रें में किए गए निरीक्षण और आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों की नियमित समीक्षा की जा सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अनुषा बड़ोला, क्षेत्रधिकारी रुद्रपुर/यातायात, क्षेत्रधिकारी पंतनगर, क्षेत्रधिकारी सितारगंज, यातायात निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर एवं किच्छा, थानाध्यक्ष पंतनगर तथा एनएचएआई और परिवहन विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

