‘उद्भव-रूट्स टू विंग्स 2026’ में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सिविल सेवा और पीसीएस में सफलता हासिल करने वाली जस्मीत कौर का सम्मान
रुद्रपुर। आरएएन पब्लिक स्कूल की डिबडिबा शाखा में गुरुवार को स्थापना दिवस समारोह ‘उद्भव-रूट्स टू विंग्स 2026’ उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता, अनुशासन और साहस का ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि पूरा परिसर तालियों की गूंज से सराबोर हो उठा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों, संगीत, नाट्य मंचन और रोमांचक शौर्य प्रदर्शन के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। समारोह में विद्यालय की गौरवशाली विकास यात्रा के साथ शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के संकल्प को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बलदेव सिंह औलख और डॉ. शिवेन कश्यप सहित विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा और भारत भूषण चुघ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इनके अलावा विंग कमांडर एचके राय, विद्यालय प्रबंधक मोहित राय, निदेशिका निधि राय, मधु राय, डिबडिबा शाखा की प्रधानाचार्या ममता बिष्ट और भूरारानी शाखा की प्रधानाचार्या बीनू यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत स्वागत गीत ‘स्वरांजलि’ और गणेश वंदना ‘विघ्नेश्वर आराधना’ की मनमोहक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों और अब तक की विकास यात्रा को दर्शाती ‘उद्भव यात्रा’ प्रस्तुत की गई। इस प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान की गौरवशाली यात्रा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में ‘नृत्य संगम-फ्यूजन डांस’ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं ‘रूट्स टू विंग्स’ विषय पर आधारित भव्य नाट्य प्रस्तुति में सत्य, निष्ठा, करुणा, धर्म और साहस जैसे जीवन मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा गया। विद्यार्थियों की अभिनय क्षमता और प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। वाद्यवृंद ‘सुर संगम’ और ‘भक्ति में शक्ति’ की प्रस्तुतियों ने समारोह को संगीतमय और भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में आधुनिक जीवनशैली पर व्यंग्य करती नाटिका ‘दरबार-ए-मोबाइल’ भी आकर्षण का केंद्र रही। इसके माध्यम से मोबाइल के बढ़ते प्रभाव और दैनिक जीवन में उसकी भूमिका को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। वहीं ‘स्टोन एज टू सिलिकॉन’ नृत्य नाटिका के जरिए मानव सभ्यता की विकास यात्रा को मंच पर जीवंत किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिम युग से आधुनिक तकनीकी दौर तक के बदलावों को दर्शकों के सामने रखा।
मार्शल आर्ट, गतका और मल्लखंभ से दिखाया दमखम
समारोह में विद्यार्थियों का शौर्य प्रदर्शन भी खास आकर्षण रहा। मार्शल आर्ट, गतका, मल्लखंभ और योग की प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास, अनुशासन और एकाग्रता का शानदार प्रदर्शन किया। साहस और कौशल से भरे इन प्रदर्शनों को देखकर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। इन प्रस्तुतियों ने यह संदेश भी दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से भी सशक्त बनाना है।
सिविल सेवा और पीसीएस में सफलता पर जस्मीत कौर सम्मानित
स्थापना दिवस समारोह का एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण क्षण विद्यालय की पूर्व छात्रा जस्मीत कौर का सम्मान रहा। जस्मीत ने सिविल सेवा परीक्षा-2025 में 318वीं रैंक हासिल करने के साथ ही उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा-2026 में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता पर विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें उनके माता-पिता सहित सम्मानित किया। इस उपलब्धि को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनकी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की गई।
मुख्य अतिथि बलदेव सिंह औलख और डॉ. शिवेन कश्यप ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को भव्य एवं अनुशासित आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने में विद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आरएएन पब्लिक स्कूल बच्चों को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां विद्यालय की शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
विशिष्ट अतिथि विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा और भारत भूषण चुघ ने कहा कि आरएएन पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों का बीजारोपण करने के लिए भी समर्पित है। विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षित पीढ़ी तैयार करना नहीं, बल्कि संस्कारवान, चरित्रवान और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना भी है। उन्होंने विद्यालय की ओर से इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
समारोह में सुरेश कोली, संजय ठुकराल, रवि सिडाना, अजय चड्डा, चावला, अमित नारंग, अमित सिंघल सहित अन्य गणमान्य लोग, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अंत में भूरारानी शाखा की प्रधानाचार्या बीनू यादव ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

