28 जून से प्रदेश में शुरू होगा वरिष्ठ नेताओं का दौरा, पहले चरण में 28 विधानसभाओं पर फोकस
उत्तराखण्ड सत्य,देहरादून
आगामी चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने विधानसभा वार रणनीति तैयार की है। इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेशभर की विधानसभाओं में जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और चुनावी माहौल को लेकर जमीनी स्तर पर फीडबैक जुटाएंगे। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के दिल्ली लौटने के बाद बृहस्पतिवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के आवास पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि पहले चरण में 28 जून से सात जुलाई तक प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रें का दौरा करेंगे। नेता जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगे, साथ ही कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनावी तैयारियों को गति देंगे। कांग्रेस ने आगामी चुनाव में स्थानीय और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई है। पार्टी बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। इसके लिए विधानसभा स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से आम लोगों की समस्याओं और सुझावों को भी चुनावी रणनीति में शामिल किया जाएगा। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि चुनावी सफलता के लिए संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। इसी को देखते हुए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रें की जिम्मेदारी देकर मैदान में उतारा जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने के साथ जनता से सीधा संपर्क स्थापित करने पर जोर देगी। बैठक में प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

