प्रधानमंत्री मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में शीर्ष नेतृत्व ने किया मंथन
नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही देश की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में, नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में केंद्रीय चुनाव समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु आगामी पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए जीत का रोडमैप तैयार करना और संगठनात्मक तैयारियों को अंतिम रूप देना रहा। चुनावी रणनीति पर हुए इस गहन मंथन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं शिरकत कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नए उत्साह का संचार किया।

बैठक के दौरान देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व का जमावड़ा देखने को मिला, जिसमें प्रधानमंत्री के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी चुनावी समीकरणों पर अपने विचार साझा किए। इसके अलावा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी सहित असम, पश्चिम बंगाल, पुदुच्चेरी एवं केरल जैसे राज्यों से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों ने जमीनी स्तर की चुनावी चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पंडित गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने भी सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान डॉ. मिश्र ने प्रधानमंत्री सहित शीर्ष नेतृत्व और संसदीय व्यवस्था से जुड़े सभी गणमान्य महानुभावों का अत्यंत आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। बैठक के दौरान आगामी चुनावों को लेकर उत्साह का वातावरण बना रहा और पार्टी ने एकजुट होकर जनता के बीच जाने का संकल्प लिया।

