उत्तराखण्ड सत्य,प्रयागराज
समाजसेवा और जन-कल्याण के क्षेत्र में अग्रणी संस्था पं- गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। न्यास के अध्यक्ष डॉ- राकेश मिश्र के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 12 जनवरी 2026, सोमवार को प्रयागराज में संस्था के 47वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह शिविर महान समाजसेवी एवं प्रख्यात शिक्षाविद पं- गणेश प्रसाद मिश्र एवं श्रीमती शांति मिश्र जी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद जयंती के पावन अवसर पर आयोजित इस सेवा प्रकल्प का मुख्य उद्देश्य माघ मेले में पधारे साधु-संतों, कल्पवासियों, श्रद्धालुओं और समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। डॉ- राकेश मिश्र के प्रयासों से न्यास अब तक सफलता के साथ 46 स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चुका है और यह 47वां आयोजन संस्था की निरंतरता और अटूट सेवा भाव का प्रमाण है। माघ मेला परिसर के सेक्टर-2, दक्षिण पटरी, संगम तट पर आयोजित होने वाले इस शिविर में विशेषज्ञों की एक सक्षम टीम तैनात रहेगी। प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ- एल- एस- ओझा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कान, नाक एवं गला , हîóी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञों के साथ-साथ महिला चिकित्सकों द्वारा भी चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। शिविर के दौरान मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के साथ-साथ आवश्यक दवाइयां, रक्तचाप (बीपी), ब्लड शुगर और यूरिन जांच की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी। यह स्वास्थ्य सेवा सुबह 11ः00 बजे से शुरू होकर अपराह्न 4ः00 बजे तक अनवरत जारी रहेगी। गौरतलब है कि पं- गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास ने अब तक सतना, मैहर, छतरपुर और प्रयागराज के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रें में शिविर लगाकर उन लोगों तक आधुनिक चिकित्सा पहुंचाई है, जिन्हें रोगों की जांच और उपचार के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी नहीं थी। कुंभ और माघ मेले के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा करने की इस गौरवशाली परंपरा को न्यास हर वर्ष पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाता आ रहा है।

