नई दिल्ली। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री पं. अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर पंडित गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डा. राकेश मिश्र ने भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित दीप महोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने अटल जी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर डा. राकेश मिश्र ने कहा कि पं. अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र, राष्ट्रवाद और सुशासन के प्रतीक थे। उनका जीवन विचारों की दृढ़ता, संवाद की मर्यादा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। अटल जी के सिद्धांत और आदर्श आज भी देश की राजनीति को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

दीपोत्सव के इस भव्य आयोजन में देश के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, अरुण सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में अटल जी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

