शराब के नशे में हिंसक घटनाएं और भीड़ का कानून हाथ में लेना बना चिंता का विषय- शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
रुद्रपुर। शहर में अपराध की घटनाएं एक बार फिर कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। महज 13 दिन के भीतर हत्या की दो घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है। मामूली विवादों में चाकू से गोदकर हत्या, शराब के नशे में हिंसक झड़प और आरोपियों के िखलाफ कार्रवाई के बावजूद अपराध की घटनाओं का सामने आना शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा रहा है। हालात ऐसे हैं कि छोटी-छोटी बातों पर विवाद हिंसक रूप ले रहे हैं और लोगों की जान तक जा रही है। नवंबर महीने में शहर में सामने आई हत्या की घटनाओं ने अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस की तस्वीर सामने रखी है। 10 नवंबर को ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की हत्या की गई। इसके बाद 13 दिन के भीतर रेशमबाड़ी क्षेत्र में सिक्योरिटी गार्ड अनुराग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। दोनों घटनाओं में विवाद के बाद हिंसा का भयावह रूप सामने आया। यह घटनाएं केवल आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि शहर में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और कानून व्यवस्था की चुनौती को भी उजागर करती हैं। रेशमबाड़ी में हुई घटना के अनुसार, शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे युवकों को रोकने पर विवाद बढ़ गया। सिक्योरिटी गार्ड अनुराग ने युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उन पर चाकू से वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई सहित अन्य लोगों को भी चाकू मारकर घायल कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल अनुराग को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई और लोगों में आक्रोश देखने को मिला। इससे पहले ट्रांजिट कैंप में युवक अभय की हत्या ने भी शहर को दहला दिया था। मामूली विवाद के बाद युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं इस सवाल को और गंभीर बना रही हैं कि आिखर छोटी-छोटी बातों पर हिंसा और हत्या तक पहुंचने की प्रवृत्ति क्यों बढ़ रही है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की है, लेकिन घटनाओं की पुनरावृत्ति ने अपराध नियंत्रण की रणनीति और पुलिस की सक्रियता को लेकर बहस छेड़ दी है। अपराध होने के बाद गिरफ्तारी और कार्रवाई जरूरी है, मगर शहर में ऐसी घटनाओं को होने से रोकना उससे भी बड़ी चुनौती है। पुलिस की गश्त, संवेदनशील इलाकों में निगरानी, नशे में हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई और अपराधियों में कानून का भय कायम करना अब प्राथमिकता बनना चाहिए। शहर में बढ़ती हिंसक घटनाओं के बीच लोगों की अपेक्षा है कि पुलिस केवल घटना के बाद कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अपराध की संभावनाओं को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करे। खासकर ऐसे इलाकों में जहां शराब पीकर विवाद, मारपीट और आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रहती हैं, वहां नियमित निगरानी और पुलिस की मौजूदगी जरूरी है। रुद्रपुर औद्योगिक और व्यापारिक शहर है। यहां बड़ी संख्या में श्रमिक, व्यापारी और विभिन्न क्षेत्रें से आए लोग रहते हैं। ऐसे शहर में कानून व्यवस्था का मजबूत होना केवल पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि शहर के सुरक्षित और व्यवस्थित भविष्य की बुनियादी जरूरत भी है। लगातार हो रही हत्या की घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी हिंसा और नशे की प्रवृत्ति पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।
गिरफ्तारी के बाद भी क्यों नहीं थम रहा अपराध का भय?
दो हत्याओं के मामलों में पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद शहर में अपराध की घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है। सवाल यह है कि क्या अपराधियों में कानून का भय पर्याप्त है? क्या संवेदनशील क्षेत्रें में पुलिस गश्त और निगरानी प्रभावी है? शराब के नशे में हुड़दंग और मामूली विवादों को हिंसा में बदलने से रोकने के लिए क्या पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं? अपराध होने के बाद पुलिस की कार्रवाई व्यवस्था का आवश्यक हिस्सा है, लेकिन अपराध से पहले रोकथाम ही कानून व्यवस्था की असली परीक्षा है। शहरवासियों की अपेक्षा है कि पुलिस अपराधियों के िखलाफ सख्ती के साथ-साथ ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस रणनीति बनाए, जिससे आम नागरिक बिना भय के जीवन जी सकें।

