पांच साल के रिपोर्ट कार्ड को घर-घर पहुंचाने की तैयारी, संगठन से बूथ तक उपलब्धियों का प्रचार- 65 पार के लक्ष्य के साथ सरकार के कामकाज को चुनावी मुद्दा बनाने की रणनीति
देहरादून। चुनावी मैदान में उतरने से पहले राजनीतिक दल अपने मुद्दे, दावे और रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। उत्तराखंड में भाजपा ने आगामी चुनाव के लिए अपनी दिशा स्पष्ट कर दी है। पार्टी अब केवल चुनावी नारों और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के भरोसे नहीं, बल्कि पिछले दस वर्षों की उपलब्धियों और सरकार के पांच साल के रिपोर्ट कार्ड को जनता के सामने रखकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। संगठन के स्तर पर इस रणनीति को धार देने की कवायद शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट कार्ड को प्रचार का प्रमुख हथियार बनाकर सरकार के कामकाज का हिसाब सीधे मतदाताओं तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। भाजपा ने प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने आगामी चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रदेश से लेकर मंडल, जिला और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जा रहा है। पार्टी की रणनीति है कि सरकार की योजनाओं, बड़े फैसलों, विकास कार्यों और उपलब्धियों को केवल सभाओं तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाया जाए। राजनीतिक दृष्टि से भाजपा का यह कदम चुनाव से पहले अपनी उपलब्धियों को व्यवस्थित तरीके से जनता के सामने रखने की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी जहां सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी कर रही है, वहीं पिछले दस वर्षों की उपलब्धियों को भी चुनावी विमर्श का हिस्सा बनाने की कोशिश होगी। इससे पार्टी अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कामों को चुनावी मुद्दों के रूप में स्थापित करना चाहती है। भाजपा की रणनीति में रिपोर्ट कार्ड को केवल दस्तावेज नहीं, बल्कि चुनावी प्रचार का प्रमुख माध्यम बनाया गया है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव में अभी समय है, इसलिए उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा सकता है। रिपोर्ट कार्ड जारी करने के बाद इसे संगठन के माध्यम से घर-घर पहुंचाने की योजना है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, पार्टी दिसंबर से होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम में सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर चर्चा करेगी। मोर्चों और प्रकोष्ठों को भी इस अभियान में शामिल किया जा रहा है, ताकि संगठन के प्रत्येक स्तर पर सरकार के कामकाज और उपलब्धियों का प्रचार हो सके। पार्टी का प्रयास है कि मतदाता चुनाव से पहले सरकार के कार्यों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें। भाजपा आगामी चुनाव में सरकार के विकास कार्यों और बड़े फैसलों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। पार्टी के चुनावी अभियान में श्सशक्त सरकार, फैसले दमदारश् जैसे नारों के माध्यम से सरकार की निर्णय क्षमता और कार्यशैली को जनता के सामने रखा जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी पिछले दस वर्षों में राज्य के विकास को नई ऊंचाई तक पहुंचाने के दावे के साथ उपलब्धियों पर फोकस करने की बात कही है। पार्टी के लिए यह रणनीति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि चुनावी मुकाबले में सरकार के कामकाज को जनता के बीच प्रस्तुत करना और उपलब्धियों के आधार पर समर्थन जुटाना अहम होगा। भाजपा का प्रयास है कि विकास, सरकारी योजनाओं और निर्णयों को चुनावी चर्चा का केंद्र बनाया जाए।
संगठन के हर स्तर पर तैयारी
भाजपा ने रिपोर्ट कार्ड अभियान को केवल प्रदेश नेतृत्व तक सीमित रखने के बजाय संगठन के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से आगे बढ़ाने की योजना बनाई है। बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल, जिला और विधानसभा स्तर पर कार्यक्रमों के जरिए सरकार की उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए साथ रखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, चुनाव से पहले उपलब्धियों का प्रचार और संगठन की सक्रियता दोनों ही भाजपा की रणनीति के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। पार्टी अब अपनी सरकार के कामकाज को चुनावी संदेश में बदलने की तैयारी कर रही है। आने वाले समय में रिपोर्ट कार्ड अभियान, संगठनात्मक कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियां इस चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

