रुद्रपुर। नंदा गौरा योजना के तहत आवेदन करने वाली पात्र बालिकाओं के लिए राहत की उम्मीद जगी है। लेखपालों के कार्य बहिष्कार के चलते आवश्यक प्रमाण-पत्र और राजस्व संबंधी अभिलेख प्राप्त करने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने योजना की आवेदन अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए प्रशासन और शासन स्तर पर पैरवी की है।
महापौर विकास शर्मा ने इस संबंध में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से वार्ता कर पात्र बालिकाओं की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि लेखपालों के कार्य बहिष्कार के कारण कई आवेदकों को आय, जाति, निवास सहित आवश्यक प्रमाण-पत्र और अन्य अभिलेख प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। इसका सीधा असर नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन करने वाली बालिकाओं पर पड़ रहा है।
महापौर के अनुरोध पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन से योजना की आवेदन अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया है। वहीं, महापौर विकास शर्मा ने भी शासन स्तर पर अधिकारियों से वार्ता कर आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की पैरवी की है।
30 नवंबर की अंतिम तिथि बढ़ने की उम्मीद
वर्तमान में नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन की निर्धारित अंतिम तिथि 30 नवंबर है। प्रशासन और शासन स्तर पर की गई पैरवी के बाद अब इसके आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। महापौर ने कहा कि यदि आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं हो पाते हैं तो कई पात्र बालिकाएं केवल प्रशासनिक परिस्थितियों के कारण योजना का लाभ लेने से वंचित हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना बेटियों की शिक्षा, भविष्य और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। सरकार का उद्देश्य पात्र बालिकाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को मजबूत करना है। इसलिए किसी भी पात्र बेटी को प्रमाण-पत्र या दस्तावेज उपलब्ध न हो पाने जैसी समस्या के कारण योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि इस मुद्दे को जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से रखा गया है और जिलाधिकारी ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए शासन से आवेदन की अंतिम तिथि एक माह बढ़ाने का अनुरोध किया है। शासन स्तर पर भी इस संबंध में बातचीत की गई है और सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र बालिकाओं के हित में आवेदन की समयसीमा बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अब सभी की निगाहें शासन के फैसले पर टिकी हैं। यदि आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ती है तो दस्तावेजों की समस्या से जूझ रही बालिकाओं को आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
USTV Rudrapur पर रुद्रपुर और ऊधम सिंह नगर की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहिए।


