काशीपुर। काशीपुर के प्रतापपुर क्षेत्र में कार के अंदर खून से लथपथ मिले 24 वर्षीय टेंट व्यापारी संजीव कुमार की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जांच में मृतक की पत्नी निशा और उसके साथ दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों की कथित संलिप्तता सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी और एक किशोर के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध था और पति-पत्नी के बीच लगातार हो रहे विवाद के चलते संजीव की हत्या की साजिश रची गई।
बर्थडे पार्टी के बहाने रामनगर ले गए
एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, 16 अगस्त को एक किशोर ने अपने जन्मदिन के बहाने संजीव से रामनगर घूमने चलने की बात कही। इसके बाद दोनों किशोर संजीव की कार में उसके साथ रामनगर गए। पुलिस के मुताबिक, पहले रामनगर में ही हत्या की कोशिश की गई, लेकिन योजना सफल नहीं हुई।
वापसी के दौरान राजपुर रोड, थारी के पास जब संजीव कार चला रहा था, तभी पीछे बैठे किशोर ने कथित तौर पर 12 बोर के तमंचे से उसकी गर्दन पर गोली मार दी। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी।
एक महीने पहले खरीदा था तमंचा
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश पहले से तैयार की गई थी। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध 12 बोर का तमंचा और कारतूस करीब एक महीने पहले खरीदे गए थे। हत्या के बाद दोनों किशोर मौके से फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद एक किशोर ने मृतक की पत्नी को फोन और मैसेज के जरिए “काम हो गया” की सूचना दी थी।
मोबाइल कॉल और CCTV से खुला राज
17 अगस्त को संजीव का शव कार में मिलने के बाद पंचनामे के दौरान उसके गले पर मिले चोट के निशान पुलिस को संदिग्ध लगे। मृतक की पत्नी निशा की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल CDR, लोकेशन, CCTV फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों का मिलान किया। पुलिस के मुताबिक, निशा के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों में विरोधाभास मिला। इसके बाद जांच की दिशा बदली और कथित प्रेम संबंध तथा हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
दो नाबालिग गिरफ्तार, हथियार बरामद
बुधवार को पुलिस और एसओजी टीम ने मालवा फार्म पुलिया के पास से दोनों किशोरों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 12 बोर का तमंचा, तीन खोखे, पांच जिंदा कारतूस और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस ने मृतक की पत्नी निशा को भी गिरफ्तार किया है। दोनों किशोरों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की जांच में उनके नाबालिग होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, जिस व्यक्ति से अवैध तमंचा खरीदा गया था, उसकी भी तलाश और पहचान की जा रही है। उसके चिन्हित होने के बाद उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
USTV Rudrapur: काशीपुर के इस हत्याकांड में पुलिस की जांच में सामने आई कहानी ने रिश्तों और भरोसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

