‘आपका अस्पताल-आपके द्वार’ योजना के तहत डॉ. राकेश मिश्र के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य शिविर संपन्न
उत्तराखण्ड सत्य,सतना
नर सेवा को ही नारायण सेवा मानने वाले पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास ने जनसेवा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार किया है। न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र के कुशल मार्गदर्शन में संचालित ‘आपका अस्पताल- आपके द्वार’ योजना के अंतर्गत बुधवार को सिद्धार्थ नगर के शिव कॉलोनी स्थित जीनियस स्कूल परिसर में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस ‘चलते- फिरते अस्पताल’ ने क्षेत्र के उन जरूरतमंद परिवारों तक चिकित्सा सुविधा पहुँचाई, जो आर्थिक या शारीरिक कारणों से अस्पताल तक पहुँचने में असमर्थ थे। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस सघन चिकित्सा शिविर में नागरिकों का भारी उत्साह देखने को मिला। शिविर के दौरान कुल 123 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिनकी अनुभवी चिकित्सकों द्वारा न केवल संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की गई, बल्कि उन्हें बीमारी के अनुरूप आवश्यक दवाएँ भी निःशुल्क वितरित की गईं। न्यास के वरिष्ठ सदस्य विजय सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी नागरिक धन के अभाव में उपचार से वंचित न रहे। सिद्धार्थ नगर में आयोजित इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि यहाँ बुजुर्गों और महिलाओं को उनके घर के समीप ही इलाज मिल गया। शिविर में सेवा देने वाले न्यास कार्यकर्ताओं‘शीलम सैनी, रश्मि सैनी, मथुरा यादव, तारा देवी सेन, आसमा खान और सुंदर लाल रजक सहित पूरी टीम ने मरीजों की सहायता के लिए तत्परता दिखाई। कार्यकर्ताओं ने न केवल मरीजों का मार्गदर्शन किया, बल्कि उन्हें भविष्य में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु जागरूक भी किया। शिविर में उपचार कराने आए नागरिकों के चेहरों पर राहत और संतोष के भाव साफ देखे जा सकते थे। लाभार्थी शीलम सैनी और रश्मि सैनी ने इसे मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि गरीब परिवारों के लिए निःशुल्क जांच और दवा मिलना किसी वरदान से कम नहीं है। वहीं, तारा देवी सेन और आसमा खान ने डॉ. राकेश मिश्र के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि घर के पास इलाज मिलने से बुजुर्गों को भाग-दौड़ से मुक्ति मिली और समय की भी बचत हुई। अनु कुशवाहा और चित्रा सिंह ने इसे -सच्ची जनसेवा’ करार देते हुए कहा कि महिलाओं के लिए यह शिविर अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ है, जिससे उनका आर्थिक बोझ कम हुआ। शिविर की पूर्ण सफलता और न्यास कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने यह अपेक्षा जताई है कि सेवा न्यास द्वारा भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाना चाहिए। नागरिकों का मानना है कि डॉ. राकेश मिश्र के नेतृत्व में जिस प्रकार यह सेवा रथ गली-मोहल्लों तक पहुँच रहा है, उससे सतना में स्वास्थ्य के प्रति एक नई चेतना जागृत हो रही है। इस अवसर पर रूपवती मिश्रा, कल्पना पांडे, भारती सिंह, कुंती सिंह और रंजना वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं अर्पित कर सेवा के महायज्ञ में आहुति दी।

