On April 21, 2024
City:
व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन कर जताई नाराजगी
रूद्रपुर। बगवाड़ा मंडी में बीते कई दिनों से चुनावी गतिविधियां संचालित होने के चलते व्यापारियों का कारोबार चौपट हो गया है। इसके विरोध में व्यापारियों ने रविवार को मोदी मैदान में प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व तमाम व्यापारी मोदी मैदान में एकत्र हुए उन्होंने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना था कि लोकसभा चुनाव के चलते प्रशासन द्वारा बगवाड़ा मंडी में चुनावी गतिविधियां संचालित की जा रही है। जिसके चलते प्रशासन द्वारा मण्डी के व्यापारियों से कहा गया था कि ईवीएम मशीनों कों मतदान कर्मचारियों को वितरित किया जाना है इसलिए तीन चार दिन तक यहां कारोबार न करें। ईवीएम वितरण के बाद वोटिंग भी हो चुकी है। मतदान संपन्न होने के बाद जब व्यापारी कारोबार शुरू करने के लिए अधिकारियों से बातचीत करने गये तो वह टालमटोल करने लगे। व्यापार मण्डल अध्यक्ष ने कहा कि बगवाड़ा मंडी में जनपद उधमसिंह नगर क्षेत्र की इवीएम स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। मतगणना 4 जून को की जानी है। यदि मंडी के व्यापारियों को यहां करीब दो महीने कारोबार नहीं करने दिया गया तो व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। मंडी से रूद्रपुर सहित निकटवर्ती क्षेत्रों को फल व सब्जी आदि सामान की आपूर्ति की जाती है। अधिकारियों द्वारा मोदी मैदान में कारोबार करने के लिए कहा जा रहा है। लेकिन यहां धूल भरी हवाओं के कारण कारोबार करना काफी मुश्किल है।
प्रदर्शन करने वालों में राजीव मिड्डा, रजत मुन्जाल, सुरेश छाबड़ा, हरीश दिवान, ब्रज बिहारी, केतन गुगलानी, विरेन्द्र सोनकर, अफसार अहमद, इकरार अहमद, नासिर हुसैन, आरिफ, मुनव्वर, शंकर मंडल, हेमेन्त कुमार, महेन्द्र सागर आदि थे।