On April 13, 2024
City:
गढ़वाल की तीन सीटों पर वोटरों को साध गये मोदी
उत्तराखण्ड सत्य रूद्रपुर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुमांऊ के बाद अब गढ़वाल में भी अपना जादू चला गये। उन्होनें ऋषिकेश में आयोजित आयोजित चुनावी रैली में गढ़वाल की तीन सीटों के लिए भाजपा के पक्ष मे ंमाहौल बनाया। मोदी की रैली के दौरान पूरे गढ़वाल में मोदी मोदी की गूंज सुनाई दी। मोदी ने वोटरों को लुभानी के लिए न सिर्फ कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा बल्कि जनता को कई गारंटियां भी बताई। लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री की उत्तराखण्ड में यह दूसरी रैली थी। इससे पहले प्रधामंत्री ने एक सप्ताह पूर्व कुमांऊ की दो सीटों के लिए रूद्रपुर में विजय शंखनाद रैली को सम्बोधित किया था। रूद्रपुर के बाद ऋषिकेश की रैली में भी भारी भीड़ जुटने से भाजपा नेताओं के चेहरे खिल उठे। प्रधानमंत्री ने अपने भाषणों में गढ़वाल की जनता के दिलों को छूने की कोशिश की। उन्होंने गढ़वाली बोली में अपने भाषण की शुरूआत करते हुए यहां की संस्कृति का भी जिक्र अपने भाषणों में किया। उन्होंने माणा गांव से लेकर कांग्रेस के इतिहास का जिक्र किया। उन्होंने यह संदेश दिया कि अब मजबूत सरकार है, तो यह सुरक्षा की गारंटी बन गई है। इसे उन्होंने अपनी सरकार में लिए गए तीन तलाक, अनुच्छेद 370, महिला आरक्षण सरीखे बड़े फैसलों के जरिये समझाने की कोशिश की। यह जताने का भी प्रयास किया कि दक्षिण के सागर तट से बदरी.केदार धाम की भूमि तक फिर एक बार मोदी सरकार की गूंज है। उन्होंने फिर मजबूत सरकार के लिए चुनाव में समर्थन मांगा। साथ ही वादा किया वह 24 घंटे और सातों दिन काम के जरिये 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना चाहते हैं और यह विकसित उत्तराखंड के बिना संभव नहीं है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की चुनावी सियासत में असर डालने वाले पूर्व सैनिक, महिला, युवा वर्ग को साधने की कोशिश की। पर्वतीय राज्य में पूर्व सैनिक एक बड़ा वोट बैंक माना जाता है। पीएम ने वन रैंक वन पेंशन, सैनिकों की रक्षा के लिए दी जा रही बुलेटप्रूफ जैकेट का जिक्रकर यह जताने का प्रयास किया कि कांग्रेस राज में ये सब नहीं हो पाता। शायद वह हरिद्वार से लेकर सीमांत गांवों तक यह संदेश भी पहुंचाना चाहते थे कि उनकी सरकार सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दून.दिल्ली के बीच फासला सिमटने, चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश.कर्णप्रयाग रेल परियोजना, यमुनोत्री, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोपवे परियोजना, मानसखंड गलियारा में शामिल आदि कैलास व ओम पर्वत की अपनी यात्र का जिक्र किया और इसके हेली सेवा से जुड़ने के बाद इससे पर्यटन सेक्टर को मजबूती मिलने की संभावना जताई।उन्होंने उत्तराखंड की आर्थिकी की रीढ पर्यटन सेक्टर की संभावनाओं को लेकर आश्वस्त करना चाहा कि केंद्र सरकार इसमें राज्य का पूरा सहयोग करेगी। ऋषिकेश की अध्यात्म, योग और पर्यटन से जुड़े महत्व का उन्होंने खासतौर पर जिक्र किया। भाजपा के पारंपरिक हिंदुत्व के एजेंडे पर कांग्रेस के रवैये पर निशाना साधने से भी मोदी नहीं चूके। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल के हिंदुओं की आस्था की प्रतीक शक्ति स्वरूपा मां धारी देवी और मां चंद्रबदनी का जिक्र किया। उन्होंने शक्ति से जुड़े विवादित बयान पर घिर चुकी कांग्रेस पर आरोप जड़ा कि वह शक्ति को खत्म करना चाहती है। इन बातों के जरिये उन्होंने एक तरह से चुनाव में खड़े पार्टी के पांचों प्रत्याशियों की गारंटी का संदेश देने का प्रयास भी किया। युवाओं का जिक्र उन्होंने स्टार्ट अप योजना से किया। उनका कहना था कि उत्तराखंड में 1000 स्टार्ट अप पंजीकृत हैं, इसमें 500 स्टार्ट का नेतृत्व बेटियां कर रही हैं। उन्होंने पहाड़ की महिलाओं की पीड़ा का भी जिक्र किया कि माताओं और बहनों का पूरा समय लकड़ी, पानी और पशुओं के चारे के इंतजाम में खप जाता था। उन्होंने इसे अपनी सरकार की मुफ्त सिलिंडर योजना से जोड़ा कि इससे महिलाओं को राहत मिली। घर.घर नल पहुंचने से भी सुविधा हुई। उन्होंने अगले पांच साल तक मुफ्त राशन और इलाज की सुविधा जारी रखने की बात कह कर गरीब और कमजोर वर्ग को भी आश्वस्त करने का प्रयास किया। वह बुजुर्गों को याद करना भी नहीं भूले। जनसभा में आए लोगों से उन्होंने अपील की कि वे घर.घर जाकर बुजुर्गों को उनकी राम.राम कह दें। मोदी की रैली के दौरान हर तरफ मोदी मोदी की गूंज सुनाई दी।