आठ सदस्यों के लिए कई रसूखदार मैदान में
उत्तराखण्ड सत्य,रुद्रपुर
शहर के प्रतिष्ठित सिटी क्लब का संचालन करने वाले संचालक मंडल के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। आठ सदस्यों के लिए चुनाव होने जा रहा है, जिसमें शहर के कई नामी-गिरामी और रसूखदार चेहरे चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। प्रत्याशियों की सामाजिक, व्यावसायिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए यह चुनाव महज एक संस्था की कार्यकारिणी चुनने का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसे प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में भी देखा जा रहा है। चुनाव में शामिल अधिकांश दावेदार ऐसे हैं जो शहर की प्रमुख सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों या राजनीतिक दलों से जुड़े रहे हैं। कई ऐसे नाम भी हैं, जो पहले भी क्लब के संचालन में किसी न किसी रूप में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होने के आसार है। चुनाव मैदान में कूदा हर प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए जी-तोड़ कोशिश कर रहा है। 22 जून को होने वाले चुनाव के लिए मनीष कुमार गगनेजा, मनोज कुमार गुंबर, विजय अग्रवाल, केवल कृष्ण अरोरा, संजय ठुकरल, पंकज बांगा, नरेन्द्र बंसल, सुखदेव सिंह भल्ला, अमित बांगा, सुरेश कुमार धींगड़ा, राजेश घीक बल्लू, नीटू अग्रवाल ने चुनाव मैदान में ताल ठोकी है। इनमें कई चेहरे प्रभावशाली है। उनकी उपस्थिति ने चुनाव को और अधिक दिलचस्प बना दिया है। हालांकि यह चुनाव किसी राजनीतिक दल का नहीं है, परंतु सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव इस पर सीधा असर डाल सकता है। चुनावी माहौल में जहाँ एक ओर रणनीतियों और जोड़-तोड़ का दौर चल रहा है, वहीं दूसरी ओर क्लब के कुछ वरिष्ठ सदस्य और शुभचिंतक यह कोशिश कर रहे हैं कि किसी प्रकार आपसी सहमति बनाकर चुनावी टकराव से बचा जाए। उनका मानना है कि सर्वसम्मति से चुनी गई कार्यकारिणी ज्यादा सशक्त, प्रभावी और क्लब हित में काम कर सकेगी। अगर आम सहमति बनती है तो चुनाव की दिशा पूरी तरह बदल सकती है। फिलहाल सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर से सदस्यों को प्रभावित करने और विश्वास में लेने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। 22 जून को प्रातः 9 बजे से सांय चार बजे तक मतदान होना है। जिसके बाद मतगणना होगी और उसके पश्चात परिणाम घोषित किये जायेंगे। रुद्रपुर सिटी क्लब का यह चुनाव केवल एक क्लब का चुनाव नहीं बल्कि सामाजिक और व्यक्तिगत प्रभाव का प्रतिबिंब बन गया है। चाहे चुनाव हो या सर्वसम्मति, यह तय है कि अगले कुछ दिन यह चुनाव शहर में चर्चा का केंद्र रहने वाला है।