रुद्रपुर। किच्छा विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता तिलकराज बेहड़ के रुद्रपुर स्थित आवास पर आज कांग्रेस संगठन में नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को पुष्पमालाएं पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया और उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस के उधम सिंह नगर जिला उद्योग-व्यापार प्रकोष्ठ के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संजय जुनेजा, सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश महासचिव ओंकार सिंह ढिल्लों तथा उधम सिंह नगर जिला सोशल मीडिया विभाग के जिलाध्यक्ष विकास विश्वास का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर तिलकराज बेहड़ ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी कर्मठता, निष्ठा और समर्पण से कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ जनहित और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
USTV Rudrapur | रुद्रपुर की हर छोटी-बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें।


