रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ को लेकर रुद्रपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने अपने कैंप कार्यालय में मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक शिव अरोरा ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों, संगठनात्मक व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक में पदयात्रा को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं और पदयात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। रुद्रपुर में भी इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी संगठन सक्रिय नजर आ रहा है।
बैठक में मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों और पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


