– रुद्रपुर के ‘एक साल बेमिसाल’ उत्सव में गरजे सीएम
– 288 करोड़ की 61 योजनाओं की सौगात और 2027 में प्रचंड विजय का उद्घोष
रूद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क में महापौर विकास शर्मा के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक साल बेमिसाल उत्सव सरस मेला यूएस नगर कार्निवाल का फीता काटकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 288 करोड़ की 61 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इस दौरान सीएम धामी ने महापौर विकास शर्मा के आग्रह पर शहर के लिए कई बड़ी परियोजनाओं की घोषणा भी की।
भारी जनसैलाब के बीच मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को महापौर विकास शर्मा महादेव शिव की मूर्ति भेंट कर स्वागत अभिनंदन किया। इसके अलावा विधायक शिव अरोरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत सत्कार करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किये। विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन रूद्रपुरवासियों के लिए बेहद खास है। आज रूद्रपुर क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए 288 करोड़़ की 61 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। ये परियोजनाएं आने वाले समय में यद्रपुर के विकास विश्वास और भविष्य की नई उंचाईयों पर ले जाने का काम करेंगी। नागरिकों के जीवन को आसान बनाने का काम करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारा राज्य विकास के नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आज दूरस्थ क्षेत्रों तक इन्फा्रस्टक्चर मजबूत हो रहा है। शिक्षा स्वास्थ्य, पेयजल सड़क हर क्षेत्र में विकास हो रहा हैं। रूद्रपुर और इसके आस पास कई विकास कार्य कराये जा रहे है। 590 करोड़ की लागत से रूद्रपुर बाईपास का निर्माण हो रहा है। इसी जनपद मे ंखटीमा, टकनपुर बाईपास गदरपुर जसपुर को जोड़ने वाली फोर लेन सड़क जैसी कई सड़कों का निर्माण चल रहा है। एक समय था जब दिल्ली जाने में कई घंटे लग जाते थे। देहरादून पहुंचने में भी पूरा दिन लग जाता था लेकिन मोदी जी के कालखण्ड में तेजी से सड़कों का निर्माण हुआ है। रूद्रपुर के लिए ड्रेनेज प्लान तैयार हो रहा है। 15 करोड़ की लागत से कंप्रेस्ट बायोगैस प्लांट भी लगाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां आने से पहले किच्छा में निर्माणाधीन एम्स के संचालन की प्रगति की समीक्षा के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से आग्रह किया है। सीएम ने कहा कि एम्स का निर्माण तेजी से चल रहा है। जब यह पूरा हो जायेगा तो चिकित्सा सुविधाओं के लिए दिल्ली या अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। पंतनगर हवाई अड्डा विस्तार लेने जा रहा है। रूद्रपुर मेडिकल कालेज बनकर तैयार हो गया है हमने तय किया है कि इसी साल इसका संचालन प्रारम्भ हो जायेगा। खुरपिया फार्म की एक हजार एकड़ पर स्मार्ट इंडस्ट्रीयल सिटी भी स्वीकृत हो चुकी है जल्द ही इसका निर्माण शुरू हो जायेगा। इसका लाभ केवल रूद्रपुर किच्छा को नहीं बल्कि पूरे उत्तराखण्ड को लाभ मिलेगा। हजारों युवाओं को यहां रोजगार के अवसर मिलेंगे ।
सीएम धामी ने कहा कि नये बस अड्डों का निर्माण भी कराया जा रहा है, खेल स्टेडियम भी बनाये जा रहे है। हमारा मानना है कि कोई भी क्षेत्र विकास से छूटना नहीं चाहिए। हर किसी को मौका मिलना चाहिए। सभी का जब विकास होगा और सभी मिलकर आगे बढ़ंगे तो तभी प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तराई भावर की दशकों से प्रतीक्षित जमरानी बांध परियोजना से तराई भावर की पेयजल सिंचाई की समस्या का समाधान होगा। जमरानी बांध का निर्माण तेज गति से आगे बढ़ रहा है। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ये विकास उन्हें नहीं दिखाई देता। वो आलोचना ही करते रहते हैं। उनका ऐसा नरेटिव बन गया है कि उनको हर काम का विरोध करना है।
सीएम धामी ने कहा जब मैं मुख्य सेवक की जिम्मेदारी में आया था, तब बंगाली भाईयों के प्रमाण पत्रों पर पूर्वी पाकिस्तान अंकित होने की समस्या सामने आयी थी। हमने इसका समाधान किया। नजूल की समस्या थी इस समस्या का भी समाधान किया। जो दशकों से समस्याएं थी हमने सभी का समाधान करने की कोशिश की है। राज्य के समग्र विकास के साथ हम संस्कृति और डेमागा्रफी को संरक्षण करने का भी काम कर रहे है। हम धर्मांतरण विरोधी कानून लाये। देवभूमि को अस्थिर करने वाली हर साजिश को हमने चोट करने और रोकने का काम किया है। लेकिन जब जब हमने सख्ती दिखाई तो प्रतिपक्ष के लोगों को बेचैनी हो जाती है। अब वो देश को और सेना को भी अपमानित करने का काम कर रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने लैंड माफियाओं के खिलाफ उत्तराखण्ड के इतिहास की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 हजार एकड़ से भी अधिक भूमि को कब्जा मुक्त करने का काम किया है। कांग्रेस को यह दिखता नहीं क्यों कि उनके आंखों पर वोट बैंक की पट्टी बंधी हुयी है। सीएम ने कहा कि धर्म के नाम पर कानून से खिलवाड़ नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पवित्र भूमि पर लंबे समय से विभाजन की फैक्ट्रियां संचालित हो रही थी, जिसे हमने बंद करने का बीड़ा उठाया है, हमने मदरसा बोर्ड खत्म कर दिया है हमने सुनिश्चित किया है कि शिक्षा राष्ट्रनिर्माण का माध्यम बने न कि कट्टरता का। 250 से अधिक अवैध मदरसों पर हमने ताले लगाये हैं इस कार्राई से भी कांग्रेस तिलमिला गयी है।
सीएम धामी ने कहा कि नाम बदलकर देवभूमि में छदम भेषधारी जो अपनी पहचान छुपाकर माहौल बिगाड़ रहे थे , हमने कालमेनि अभियान चलाकर साफ कर दिया कि अब देवभूमि में किसी भी प्रकार का ढोंग नहीं चलेगा। सीएम ने कहा कि देवभूमि को दूषित करने वालों को हम वहीं पहुंचायेंगे जहां से वो आये थे। सीएम ने कहा कि नकल उद्योग पर भी हमने ताला लगाने का काम किया है। कांग्रेस के समय में यूकेएसएसएसी में बड़े़े पैमाने में घोटाले होते थे हमने धोटाले बाजों को जेल भेजने का भी काम किया। हमने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाने का काम किया है। अभी तक हम 28 हजार से अधिक लोगों को पारदर्शिता रोजगार दे चुके हैं। सीएम ने कहा कि कांग्रेस समस्या की दलदल है हम समाधान सागर हैं। सरलीकरण हमारा मंत्र हैं। हर कीमत पर हम लोगों की परेशानियो और चुनौतियों को खत्म करने का काम करते हैं हम समझौता नहीं संकल्प पूरा करते हैं। जो वचन हमने दिये हैं उन्हें हम उन्हें पूरा कर रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी हम जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। किसी भी स्तर का कोई अधिकारी कर्मचारी भ्रष्टाचार कर रहा हो उसके खिलाफ हम कार्रवाई से हम पीछे नहीं हट रहे हैं। इसी पारदर्शिता का लाभ आज सभी को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये ईमानदार सरकार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जनता का विश्वास खो दिया है। कांग्रेस सिर्फ अफवाहों और झूठ की राजनीति करना चाहती है। जनता इस प्रदेश में झूठ की राजनीति नहीं चलने देगी। मुख्यमंत्री ने मंच से दावा किया कि आने वाले 2027 के चुनाव में भाजपा मौजूदा सीटों से भी अधिक सीटें जीतकर सरकार बनायेगी।
वहीं महापौर विकास शर्मा ने अपने सम्बोधन में एक साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि रुद्रपुर की इस पावन धरा के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। ‘एक साल बेमिसाल’ का यह उत्सव केवल नगर निगम के एक वर्ष के कार्यकाल का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि यह हमारे मुख्यमंत्री जी के उस ‘संकल्प से सिद्धि’ के विजन का प्रतिबिंब है, जिसे लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के कर-कमलों से त्रिशूल चौक पर जिस भव्य त्रिशूल का लोकार्पण हुआ है, वह हमारी सांस्कृतिक आस्था और आधुनिक रुद्रपुर की नई पहचान बनेगा। त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक निकली यह ऐतिहासिक शिव बारात और शोभा यात्रा इस बात का प्रमाण है कि रुद्रपुर विकास के साथ-साथ अपनी जड़ों और संस्कृति से भी गहराई से जुड़ा है। हमारा प्रयास है कि रुद्रपुर केवल उद्योगों का केंद्र न रहे, बल्कि यह स्वच्छता, सुशासन और सांस्कृतिक विरासत का भी मॉडल बने। महापौर ने कहा कि सीएम धामी के कुशल नेतृत्व ‘सरलीकरण, समाधान और निस्तारण’ के मंत्र ने ही हमें वो शक्ति दी, जिससे हम रुद्रपुर की तस्वीर बदलने का साहस जुटा सके। वहीं कार्यक्रम को केन्द्रीय मंत्री अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता,काशीपुर के विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम,पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या,अनिल कपूर डब्बू अनिल चौहान, विवेक सक्सेना, तरूण दत्ता, रामपाल सिंह, सुनील ठुकराल, हिमांशु शुक्ला, दिलीप अधिकारी,सुरेश कोली, चन्द्रसेन कोली,काशीपुर मेयर दीपक बाली, धीरेन्द्र मिश्रा, मनोज पाल, गुंजन सुखीजा,रमेश चन्द्र जोशी, श्रीपाल राणा, प्रेम सिंह राणा, मंजीत सिंह, नेत्रपाल मौर्या, खतीब अहमद, रश्मि रस्तौगी, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, विजय तोमर सहित हजारों लोग मौजूद थे।
महापौर के आग्रह पर सीएम ने की कई घोषणाएं
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुद्रपुर के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। महापौर विकास शर्मा के विशेष आग्रह और शहर की विकास संबंधी प्राथमिकताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मंच से यह स्पष्ट किया कि रुद्रपुर को आने वाले समय में एक स्वच्छ, हरित और आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने सामाजिक न्याय और जनहित को प्राथमिकता देते हुए बड़ी घोषणा की कि खेड़ा क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर पर्यावरण मित्रों के लिए अत्याधुनिक सरकारी आवासों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही, शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भूरारानी रोड और गंगापुर रोड के चौड़ीकरण को मंजूरी दी गई। रुद्रपुर की जनता की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक ‘मिनी बाईपास’ के निर्माण का भी ऐलान किया, जिससे शहर के मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा। धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री ने महापौर के प्रस्ताव पर मानसखण्ड कोरिडर के अन्तर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर व नीलकण्ठ धाम को जोंडते हुए नीलकण्ठ भवन व 51 फीट ऊंची शिव प्रतिमा की स्थापना करने की घोषणा की। साथ ही, बंगाली समाज की महत्वपूर्ण मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने गुरूचांद ठाकुर कोष की राशि को बढ़ाकर दस करोड़ रुपये करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीनों का परीक्षण किया जाएगा ताकि उनका सर्वाेत्तम उपयोग जनहित के कार्यों और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए किया जा सके। विधायक शिव अरोड़ा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उसमें उठाई गई मांगों का भी परीक्षण कर उन्हें मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन का समापन करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से रुद्रपुर विकास के मामले में उत्तराखंड का एक अग्रणी और प्रेरणादायक शहर बनेगा।
ऐतिहासिक स्वागत से अभिभूत हुए मुख्यमंत्री धामी, मंच से सिर झुकाकर जताया आभार
रुद्रपुर। शनिवार को रुद्रपुर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब और गांधी पार्क में हुए ऐतिहासिक स्वागत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दिल जीत लिया। रोड शो के दौरान मिले अभूतपूर्व प्रेम और सम्मान से मुख्यमंत्री गदगद नजर आए। उन्होंने मंच से खुले मन से स्वीकार किया कि रुद्रपुर की जनता द्वारा दिया गया यह स्नेह और सत्कार उन्हें याद रहेगा। मुख्यमंत्री ने इस भव्य आयोजन के लिए महापौर विकास शर्मा और उनकी पूरी टीम की कार्यकुशलता की सराहना की। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री भावुक क्षणों में भी नजर आए। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की धरती पर अनेक संस्कृतियों का अद्भुत संगम एक साथ देखने को मिला। जेसीबी मशीनों से हुई पुष्प वर्षा और मार्ग में खड़े बुजुर्गों द्वारा दिए गए आशीर्वाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनता के इस अटूट विश्वास ने उन्हें अभिभूत कर दिया है। मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर के नागरिकों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हुए मंच से सिर झुकाकर सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह के साथ समाज के हर वर्ग ने उनका अभिनंदन किया है, वह उन्हें प्रदेश के विकास के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।
मंच पर सीएम को याद आया बैंगन का भर्ता और राजमा चावल
रुद्रपुर। राजनीति की व्यस्तताओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक बेहद सरल और भावुक रूप मंच पर देखने को मिला। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री पुरानी यादों में खो गए और उन्होंने रुद्रपुर से अपने गहरे और पुराने नाते को साझा किया। उन्होंने उन दिनों को याद किया जब वे एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में यहाँ सक्रिय रहते थे। मुख्यमंत्री ने मंच से पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए कहा कि उन्हें आज भी रुद्रपुर में खाया गया ‘बैंगन का भर्ता’ और ‘राजमा चावल’ का स्वाद याद है। इस दौरान उन्होंने राजमा चावल के कारोबारी रस्तौगी का विशेष जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने न केवल उन्हें याद किया, बल्कि रस्तौगी जी को ससम्मान मंच पर बुलाकर सम्मानित भी किया। पुरानी यादें साझा करते हुए सीएम धामी ने बताया कि एक दौर वह भी था जब वे अपने दोस्तों के साथ रस्तौगी जी की ठेली पर मात्र 10 रुपये में भरपेट राजमा चावल खाया करते थे। मुख्यमंत्री की इस सरलता ने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल जीत लिया। उन्होंने मंच से रस्तौगी जी से वादा भी किया कि वे जल्द ही दोबारा उनकी ठेली पर राजमा चावल खाने जरूर आएंगे। मुख्यमंत्री का अपने पुराने मित्रों और उस दौर के संघर्ष के साथियों को इस तरह सम्मान देना चर्चा का विषय बना रहा।

