– भाजपा के संगठन पर्व पर डॉ. मिश्र ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं से की सौहार्दपूर्ण भेंट
नई दिल्ली। पंडित गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. राकेश मिश्र ने भारतीय जनता पार्टी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यभार संभालने के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान डॉ. मिश्र ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि नितिन नबीन की सशक्त संगठनात्मक समझ, दूरदृष्टि और निर्णायक नेतृत्व क्षमता के मार्गदर्शन में भाजपा परिवार आने वाले समय में और अधिक सुदृढ़ होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जनसेवा के संकल्प को न केवल नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि पार्टी को एक नई दिशा भी प्राप्त होगी।

भाजपा के संगठन पर्व कार्यक्रम के दौरान डॉ. मिश्र ने देश के विभिन्न राज्यों से पधारे मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। उन्होंने भाजपा मुख्यालय में उपस्थित नेताओं का आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया।
मुलाकातों के इस दौर में डॉ. राकेश मिश्र ने वरिष्ठ नेताओं के साथ वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का माध्यम है और इससे पार्टी की जड़ें जमीनी स्तर पर और मजबूत होंगी।

