मेयर ने कहा-फोटो भेजो, होगी कार्रवाई
उत्तराखण्ड सत्य,रुद्रपुर। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ अब नगर निगम सख्त रुख अपनाने जा रहा है। खुलेआम धूम्रपान की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए नगर निगम ने ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। अब सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते पाए जाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी, ताकि कानून का उल्लंघन करने वालों को सख्त संदेश दिया जा सके। इस संबंध में महापौर विकास शर्मा ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी सार्वजनिक स्थानों पर कोई व्यक्ति धूम्रपान करता हुआ दिखाई दे, तो उसकी फोटो खींचकर नगर निगम को भेजी जाए। प्राप्त फोटो और सूचना के आधार पर नगर निगम संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करेगा और नियमानुसार चालान काटा जाएगा। इसके साथ ही नगर निगम की टीमें भी समय-समय पर शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर धूम्रपान करने वालों पर नजर रखेंगी। महापौर ने बताया कि सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओपीटीए), 2003 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री भी कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा समय-समय पर तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद अभी भी बड़ी संख्या में लोग इन नियमों से अनजान हैं या जानबूझकर उनकी अनदेखी कर रहे हैं। यही कारण है कि आज भी सार्वजनिक स्थानों पर लोग बेझिझक धूम्रपान करते नजर आते हैं, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने धूम्रपान के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर कानूनन पाबंदी है और रुद्रपुर शहर में अब इस कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा। नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग नियमित रूप से सार्वजनिक स्थानों पर निरीक्षण और चेकिंग अभियान चलाएगा तथा धूम्रपान करते पाए जाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने कहा कि केवल नगर निगम की कार्रवाई से ही यह अभियान सफल नहीं हो सकता, इसके लिए आम जनता का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने या गंदगी फैलाने वालों की जानकारी नगर निगम को दें। ऐसे लोगों की फोटो भेजने पर नगर निगम द्वारा नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में अब तक कई गतिविधियाँ मनमाने ढंग से चल रही थीं, जिन्हें सुधारना और रुद्रपुर को एक व्यवस्थित व आदर्श शहर के रूप में विकसित करना अब आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से नगर निगम समय-समय पर सार्वजनिक स्थानों पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगा। साथ ही स्कूलों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर भी सख्त निगरानी रखी जाएगी और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नगर निगम द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम हरसंभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रयास तभी पूरी तरह सफल होंगे जब शहर की जनता इसमें सक्रिय रूप से भागीदारी करेगी।
Trending
- संगम तट पर गूंजा सेवा का संकल्प, दंडी स्वामियों के पूजन संग पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास ने बांटे कंबल और वस्त्र
- रुद्रपुर की नियति बदल देगा ‘मिनी बाईपास’
- राजनीति के ‘महाबली’ की आँखों में पिता की बेबसी
- गदरपुर का ‘विधायक आवास’ बना सत्ता संघर्ष का केंद्र
- सहानुभूति की ‘सियासत’ में आत्मघाती षडयंत्र
- नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा परिवार को मिलेगी नई ऊर्जाः डॉ. राकेश मिश्र
- डा. राकेश मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी से की भेंट
- प्रयागराज में 12 जनवरी को लगेगा 47वां स्वास्थ्य शिविर

