दिल्ली में मंथन के बाद फाइनल लिस्ट तैयार,सरकार में भी बदलाव के आसार
उत्तराखण्ड सत्य,देहरादून
उत्तराखंड की सियासत आने वाले दिनों में बड़े बदलाव की गवाह बनने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करने को तैयार है। राजनीतिक उठापटक और तेज होती चर्चाओं के बीच अब साफ संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा इसी सप्ताह नई टीम का ऐलान कर देगी। संगठन की ओर से फाइनल लिस्ट तैयार हो चुकी है, सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी है। बीते दिनों दिल्ली में हुई पार्टी की हाई लेवल बैठक इस दिशा में अहम मानी जा रही है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð समेत वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। सूत्रें के अनुसार, कार्यकारिणी गठन को लेकर सभी स्तरों पर चर्चा पूरी हो चुकी है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी साफ कहा कि भाजपा आने वाले तीन-चार दिनों में अपनी नई टीम की घोषणा करेगी। उन्होंने बताया कि फाइनल लिस्ट तैयार है, हल्के-फुल्के बदलाव संभव हैं, लेकिन संगठन की नई कार्यकारिणी अब घोषित होने में देर नहीं है। प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर उत्सुकता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि संगठनात्मक बदलाव के बाद सरकार के स्तर पर भी कुछ फेरबदल की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा रहा। गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश संगठन के ढांचे में सबसे ऊपर प्रदेश अध्यक्ष के रूप में महेंद्र भट्टð पहले ही चुने जा चुके हैं। अब उनकी टीम में 6 प्रदेश उपाध्यक्ष, 6 मंत्री, 4 महामंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यालय प्रभारी और मीडिया प्रभारी के अलावा पार्टी के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इस बार दो पुरुष महामंत्रियों के साथ एक महिला महामंत्री भी कार्यकारिणी में जगह बना सकती हैं। संगठन के मोर्चों में युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा शामिल हैं। इन सभी को मिलाकर प्रदेश कार्यकारिणी में करीब 30 पदाधिकारी होंगे, जबकि पूरे प्रदेश में कार्यकारिणी सदस्यों की संख्या लगभग 100 तक पहुंचती है। संगठन की नई टीम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में उत्सुकता चरम पर है। भाजपा इसे नई शुरुआत और 2027 की दिशा में मजबूत संगठनात्मक तैयारी के रूप में देख रही है।

 
									 
					