उधम सिंह नगर में शुरू हुआ कानून व्यवस्था का नया अध्याय
उत्तराखण्ड सत्य,रुद्रपुर
जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा की तेजतर्रार और निर्णायक कार्यशैली ने जिले की कानून व्यवस्था को नई मजबूती दी है। उनके नेतृत्व में पुलिस का रुतबा बढ़ा है और अपराधियों में गहरा खौफ देखने को मिल रहा है। कप्तान की सख्ती का सीधा असर जिले में अपराधों के आंकड़ों पर पड़ा है, जो लगातार गिरावट की ओर हैं। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में थाना चौकियों की कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय सुधार आया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तथा तत्परता बढ़ी है। सक्रिय निगरानी और त्वरित कार्रवाई के कारण कई कुख्यात अपराधी पुलिस मुठभेड़ों में घायल होकर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अब अपराधियों को किसी तरह की ढील नहीं मिलेगी और ‘गोली का जवाब गोली’ की नीति पर कठोरता से अमल किया जा रहा है। नशे के िखलाफ चल रही कार्रवाई भी कप्तान की छवि को और कठोर बनाती है। एसएसपी की अगुवाई में जिले में नशा तस्करी करने वाले कई माफिया गिरफ्तार हुए हैं और बड़े गिरोहों पर सफलतापूर्वक शिकंजा कसा गया है। इससे समाज में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है। एसएसपी की तत्परता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वे देर रात अचानक थाने और चौकियों का निरीक्षण करते हैं। इससे पुलिसकर्मियों में सजगता बनी रहती है और कानून व्यवस्था पर लगातार नियंत्रण सुनिश्चित होता है। उनकी सक्रियता ने पूरी पुलिस फोर्स को अनुशासित और परिणाम केंद्रित बनाया है। देखा जाए तो एसएसपी मणिकांत मिश्रा की कड़क छवि और सख्त कार्यशैली अपराधियों पर भारी पड़ रही है और उधम सिंह नगर एक सुरक्षित जनपद के रूप में तेजी से उभर रहा है।

